भोपाल। टीटीनगर के सुनहरी बाग इलाके में रविवार रात मामूली मजाक ने खूनखराबे का रूप ले लिया। यहां एक 17 वर्षीय नाबालिग को उसके दोस्त ने सिर्फ “खिड़की” बोलकर चिढ़ाने पर चाकू घोंप दिया। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने करीब तीन घंटे बाद कोलार क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित अंश उर्फ संस्कार शुक्ला (17), जो आइटीआइ का छात्र है, रविवार रात करीब सवा नौ बजे अपने दोस्त गोलू उर्फ आशीष के साथ सुनहरी बाग क्षेत्र स्थित कौरव भवन के पास खड़ा था। इसी दौरान अंश ने मजाक में गोलू से कहा, “खिड़की…क्या हाल हैं।” इस पर गोलू भड़क गया और पास में रखा चाकू सीधे अंश के पेट में घोंप दिया।