जबलपुर: अगर आपका बच्चा मोबाइल पर ऑनलाइन गेम खेलता है तो उस पर नजर रखें. जबलपुर में ऑनलाइन गेमिंग के जरिए नाबालिग लड़कियों की तस्करी का एक मामला सामने आया है. पुलिस मामले के आरोपी को पकड़कर उससे पूछताछ कर रही है.
जबलपुर की गोहलपुर क्षेत्र में रहने वाली एक 16 साल की प्रिया(काल्पनिक नाम) फ्री फायर नाम का एक गेम खेलती थी. फ्री फायर गेम में खिलाड़ी खेल के साथ दूसरे खिलाड़ी से बात भी कर सकता है. इसमें हर खिलाड़ी की एक आईडी होती है. आईडी में नाम और फोटो होता है. जबलपुर की प्रिया ने पूजा नाम की एक हमउम्र लड़की के साथ खेल शुरू किया. तब तक प्रिया को ये पता नहीं था कि पूजा कहां रहती है, क्या करती है. धीरे-धीरे पूजा और प्रिया के बीच में दोस्ती हो गई
इसके बाद प्रिया घर से गायब हो गई. परिवार के लोगों ने गोहलपुर थाने में इसकी शिकायत की. एक दिन बाद मुंबई से जबलपुर की गोहलपुर पुलिस के पास एक कॉल आई जिसमें उन्होंने बताया कि आपके क्षेत्र की रहने वाली नाबालिक लड़की मुंबई में है. प्रिया के चाचा प्रकाश कोस्टा ने बताया कि पुलिस की मदद से हमारी भतीजी हमारे पास पहुंच गई है लेकिन उसने हमें जो बातें बताई हैं वे बेहद सनसनीखेज हैं. पूजा बनकर जो लड़का फ्री फायर गेम खेल रहा था उसका असली नाम तनवीर है. और वह उत्तर प्रदेश का रहने वाला है. जबलपुर से वह डरा धमका कर मेरी भतीजी को मुंबई ले गया था.
मुंबई पुलिस ने जबलपुर की गोहलपुर पुलिस से संपर्क कर लड़की को घर भेजा
यहां से मुंबई तक उसने मेरी भतीजी को किसी से बात नहीं करने दिया. लेकिन मुंबई में जैसे ही उसे मौका मिला वह तुरंत रेलवे पुलिस के पास पहुंच गई. मुंबई की रेलवे पुलिस ने जब लड़के से पूछताछ की तो लड़के ने बताया कि यह उसकी बहन है. इसके बाद लड़की का शक और ज्यादा बढ़ गया. मुंबई पुलिस ने जबलपुर की गोहलपुर पुलिस से संपर्क किया. जिसके बाद लड़की वापस अपने घर पहुंच गई और तनवीर अब जबलपुर की गोहलपुर पुलिस के पास है.
पीड़ित लड़की के परिवार ने पुलिस से मामले की गहराई से जांच कराने की अपील
प्रकाश कोस्ट ने बताया कि उनकी भतीजी ने उन्हें बताया था कि तनवीर के मोबाइल पर कई नाबालिक लड़कियों की तस्वीरें थीं, जिनसे उसने फ्री फायर के जरिए ही दोस्ती की थी और वह मुंबई ले जाकर लड़कियों को बेच देता था. प्रकाश कोस्टा और पीड़ित लड़की के परिवार ने पुलिस से अपील की है कि इस मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए कि आखिर तनवीर ने अब तक इस तरह कितनी लड़कियों को अपने जाल में फंसा कर मुंबई में बेचा है.
जबलपुर पुलिस अधीक्षक ने कहा, मामले में कर रहे गहराई से जांच
जबलपुर पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय का कहना है “हम इस मामले में गहराई से जांच कर रहे हैं. यदि आरोप सही पाए गए तो जबलपुर पुलिस मुंबई जाकर भी मामले की जांच पड़ताल करेगी.” इस घटना ने यह साबित किया है कि ऑनलाइन गेमिंग खतरनाक है. यह पैसा कमाने का जरिया भी बन जाती है इसलिए इससे बच्चे अक्सर जुड़ जाते हैं. इसके जरिए कई किस्म के फ्रॉड किए जा रहे हैं. फ्री फायर गेम के पूरी दुनिया में 50 करोड़ से ज्यादा यूजर हैं.