उज्जैन: 29 जुलाई को नागपंचमी पर्व मनाया जाना है. विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग बाबा महाकाल मंदिर के शिखर पर विराजमान नागचंद्रेश्वर साल में एक बार दर्शन देते हैं. जिस प्रतिमा के दर्शन के लिए भक्त देश दुनिया से उज्जैन पहुंचते हैं, एक झलक पाने के लिए लालायित रहते हैं. कितनी प्राचीन ये प्रतिमा है, कहां से लाई गई, कब स्थापित की गई, क्या खासियत है. क्या ये मंदिर प्राचीन काल से साल में 1 बार खुलता आया है या फिर 12 महीनों ये मंदिर खुला रहता था. वक्त के साथ 1 दिन की परंपरा कैसे शुरू हुई. इस रिपोर्ट में पढ़िए.
5 खण्ड में है शिखर
महाकाल मंदिर के महेश पुजारी बताते हैं कि “महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर 5 खंडों में बना हुआ है. सबसे नीचे स्वयं भू शिव विराजमान हैं महाकाल रूप में, उनके ऊपर ओमकारेश्वर विराजमान हैं. वहीं कंडे की राख से भस्म बनाने के लिए एक खण्ड अलग से है और उनके ऊपर सिध्देश्वर शिवलिंग और दुर्लभ नागचंद्रेश्वर प्रतिमा स्वरूप में एक ही जगह पास-पास में विराजमान है और सबसे ऊपर शिखर है.”
12 महीने खुला रहता था मंदिर?
मंदिर के महेश पुजारी बताते हैं कि “60 साल पहले ये मंदिर 12 महीने खुला रहता था. आसानी से भक्त ऊपर विराजमान सिध्देश्वर शिवलिंग के दर्शन लाभ लिया करते थे लेकिन बाद में दुर्लभ प्रतिमा नागचंद्रेश्वर की आई और प्रचार प्रसार हुआ. मंदिर 12 महीने के लिए खुला रहता था और शिखर के यहां से आसानी से श्रद्धालुओं का सीढ़ियों से आना जाना था. मंदिर के स्ट्रक्चर और हादसों की संभावना के चलते इसे साल में एक बार खोलने का निर्णय लिया गया तभी से ये परंपरा शुरू हुई.”