हनीट्रेप: शाजापुर एसपी के संतरी को महिला ने बनाया निशाना, झूठी मोहब्बत में फंसाकर ठगे हजारों, फिर रेप केस की धमकी
शाजापुर. जिले में होमगार्ड संतरी को प्यार में फंसाया गया, फिर ब्लैकमेलिंग का ऐसा जाल बुना कि युवक मानसिक और आर्थिक रूप से टूट गया। एसपी बंगले पर तैनात जवान ने कोतवाली थाने में महिला के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। महिला शादीशुदा है और एक बच्चे की मां, लेकिन उसने खुद को कुंवारी बताकर जवान से दो साल तक प्रेम संबंध बनाएं, हजारों रुपए वसूले और अब 5 लाख की मांग करते हुए बलात्कार के झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रही है।
मार्च 2023 से शुरू हुआ प्रेमजाल-
उक्त महिला इंस्टाग्राम पर अपने फोटो और वीडियो शेयर करती रहती थी। इसी बीच शाजापुर के होमगार्ड जवान अरविंद शर्मा की मुलाकात मार्च 2023 में उक्त महिला से हुई थी। शुरुआत में सामान्य बातचीत के बाद महिला ने दोस्ती बढ़ाई और खुद को अविवाहित बताते हुए शादी का झांसा दिया। कुछ ही महीनों में दोनों के बीच संबंध बन गए। इसी दौरान महिला ने कभी इमरजेंसी, तो कभी घरेलू जरूरत बताकर अरविंद से बार-बार पैसे मांगे। धीरे-धीरे रकम बढ़ती गई।
दूसरे खातों में ट्रांजैक्शन, मोबाइल गिफ्ट में लिया- कुछ महीनों बाद महिला ने युवक से कहा कि वह उसके पैसे किसी और खाते में ट्रांसफर करे। अरविंद ने बिना शक किए ऐसा ही किया। इसके बाद महिला उसके जरिए अपने मित्रों और रिश्तेदारों के खातों में भी रकम डलवाती रही। जनवरी 2025 में महिला ने आईफोन-15 की मांग रखी। अरविंद ने शाजापुर की एक मोबाइल दुकान से 64,900 रुपए का आईफोन फाइनेंस पर लेकर उसे दे दिया। किश्तें आज भी अरविंद ही चुका रहा है।
एक साल बीतने के बाद अरविंद को पता चला कि उक्त महिला शादीशुदा है और उसका 9-10 साल का बेटा है। जब अरविंद ने इस बारे में सवाल किया तो महिला ने पहले बच्चे को अपनी बहन का बताया, लेकिन बाद में सच कबूल कर लिया। इसके बाद युवक ने मिलना-जुलना बंद कर दिया, लेकिन महिला ने फिर से फोन कर बुलाया और 5 लाख की मांग रखी। पैसे नहीं देने पर बलात्कार के झूठे केस में फंसाने और आत्महत्या करने की धमकी देने लगी।
कोतवाली टीआई संतोष वघेला ने बताया कि-
इंस्टाग्राम पर रिल्स और फोटो डालने वाली महिला से पीड़ित युवक का परिचय 2023 में हो गया था। इसके बाद महिला द्वारा उससे कई बार रुपए लिए गए। अब महिला द्वारा ब्लैकमेल करके 5 लाख रुपए की मांग की जा रही थी। इस मामले में युवक की शिकायत पर महिला के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। महिला को गिरतार कर न्यायालय में पेश किया गया हैं। जहां से कोर्ट द्वारा उसे जेल भेज दिया गया।
मानसिक शोषण से टूट चुका है जवान-
अरविंद का कहना है कि वह बेहद साधारण परिवार से है और महिला की इन हरकतों से मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुका है। वह अब भी आईफोन की किश्तें भर रहा है और बीते दो सालों में आर्थिक रूप से बर्बाद हो चुका है। उसने यह भी बताया कि महिला बार-बार आत्महत्या की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करती रही है।
रिपोर्ट के ढाई माह बाद किया गिरफ्तार-
जानकारी के अनुसार फरियादी अरविंद द्वारा उक्त महिला के खिलाफ ब्लैकमेलिंग के दिए गए शिकायती आवेदन के पश्चात कोतवाली पुलिस ने 11 मई 2025 को महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2) और 308(6) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। एफआईआर के करीब ढाई माह बाद गुरुवार को महिला को गिरतार कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही डिजिटल ट्रांजेक्शन और कॉल रिकॉर्ड्स के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।