बस ने 40 गाड़ियों को मारी टक्कर, 7 की मौत-49 घायल, नशे में था ड्राइवर या ब्रेक हुआ फेल?

 महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में सोमवार रात एक दर्दनाक बस हादसा हुआ. एक सरकारी बस तेज रफ्तार से मुंबई के घनी आबादी वाले इलाके कुर्ला में घुस गई. तेज रफ्तार बस ने इस दौरान कई लोगों को रौंद दिया. आखिर में बस एक बिल्डिंग के आरसीसी कॉलम से टकराने के बाद रुक गई. लेकिन बिल्डिंग की बाउंड्री वॉल ढह गई. इस बीच बस ने 100 मीटर के दायरे में 40 वाहनों को टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो गई है जबकि 49 घायल बताए जा रहे हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

सवाल यह है कि इतने बड़े हादसे के पीछे की वजह क्या है? क्या यह हादसा ड्राइवर के नशे में होने की वजह से हुआ या फिर बस के ब्रेक फेल हो गए? वहीं, इस हादसे की कोई सटीक वजह अब तक पता नहीं चल पाई है. घटना के वक्त मौजूद स्थानीय लोगों का कहना है कि बस ड्राइवर नशे में था. वहीं, डीसीपी जोन 5 गणेश गावड़े ने कहा कि घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस ने बस ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है. मामले की जांच जारी है.

पूरे घटनास्थल पर भगदड़ मच गई

यह घटना सोमवार रात 9:50 बजे हुई. यह दुर्घटना मुंबई के पश्चिम कुर्ला इलाके में एल वार्ड के सामने अंजुम-ए-इस्लाम स्कूल के पास एसजी बारवे रोड पर हुई. तेज रफ्तार बस अनियंत्रित हालत में इस भीड़भाड़ वाले इलाके में घुस गई, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई. बस ने 100 मीटर की दूरी में 30-40 अलग-अलग तरह के वाहनों को टक्कर मारी. जिससे सड़क पर और वाहनों में बैठे कुछ लोग घायल हो गए. चारों तरफ चीख-पुकार मच गई.

सरकारी बस का नंबर MH-01, EM-8228 है. यह बेस्ट की इलेक्ट्रिक बस थी जो कुर्ला स्टेशन से अंधेरी की ओर जा रही थी. बस भीड़भाड़ वाले इलाके में 100 मीटर तक लोगों और दूसरे वाहनों को टक्कर मारती रही. इससे कई लोग घायल होकर सड़क पर गिर गए. आखिरकार बस एक इमारत से टकराने के बाद रुकी. पूरे घटनास्थल पर भगदड़ मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे थे.

अस्पताल में घायलों को कराया गया भर्ती

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. घायलों को तुरंत निजी वाहनों से अस्पताल भेजा गया. पुलिस के मुताबिक इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है. वहीं 25 से ज्यादा लोग घायल हैं. घायलों को निजी वाहनों के साथ ही 108 एंबुलेंस से नजदीकी कुर्ला भाभा अस्पताल भेजा गया. कुर्ला भाभा अस्पताल की डॉ. पद्मश्री अहिरे के मुताबिक 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं. जिनमें से 2 को मृत अवस्था में लाया गया, 2 घायलों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. वहीं बाकी सभी घायलों का इलाज जारी है.

ड्राइवर नशे में था या ब्रेक फेल हुआ!

डीसीपी जोन 5 गणेश गावड़े ने बताया कि बस ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है. बस को मौके से हटा दिया गया है. बस का आरटीओ निरीक्षण कराया जाएगा. उन्होंने बताया कि इस मामले में केस दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है. बस चालक से पूछताछ की जा रही है. हालांकि, डीसीपी गावड़े ने ड्राइवर के नशे में होने के बारे में कुछ नहीं कहा. उन्होंने कहा कि घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं है. जांच जारी है.

वहीं, शिवसेना विधायक दिलीप लांडे का कहना है कि बस का ब्रेक फेल होने के कारण ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया. ड्राइवर घबरा गया था जिससे ब्रेक दबाने की बजाय उसने एक्सीलेटर दबा दिया और बस की गति बढ़ गई. हालांकि, घटना के कारण को लेकर अभी तक पुलिस की ओर से कोई जवाब नहीं मिल सका है. साथ ही पुलिस ने यह भी स्पष्ट नहीं किया है कि ड्राइवर नशे में था या नहीं.

मालवा अभीतक की ताजा खबर सीधे पाने के लिए : 
ताज़ा ख़बर पाने के लिए एंड्राइड एप्लीकेशन इनस्टॉल करें :

झारखंड के चतरा में पुलिस ने अवैध हथियार के साथ जीजा-साले को दबोचा, कारोबारियों से रंगदारी वसूलने की थी साजिश     |     रांची में दोस्ती की आड़ में खूनी खेल, शराब के नशे में विवाद के बाद दो दोस्तों ने की तीसरे की हत्या— दोनों गिरफ्तार     |     उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में अनोखा मामला, तख्ती लेकर थाने में सरेंडर करने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल     |     बिहार के दरभंगा में 1.40 करोड़ की चांदी लूटकांड का खुलासा, बीजेपी नेता विशाल महासेठ समेत पांच गिरफ्तार     |     केदारनाथ धाम के कपाट छह महीने के लिए शीतकाल हेतु बंद, बाबा की उत्सव डोली उखीमठ के लिए रवाना     |     स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बड़ा समुद्री हादसा, बारूदी सुरंगों से टकराकर तीन तेल टैंकर क्षतिग्रस्त— ईरान और यूएई में हड़कंप     |     भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए न्यूजीलैंड टीम का ऐलान, टॉम लैथम संभालेंगे कमान— तीन धुरंधर खिलाड़ियों की वापसी     |     भाई दूज 2026, जानें तिलक लगाने का सबसे शुभ मुहूर्त, सही पूजा विधि और इस पर्व का पौराणिक महत्व     |     रणबीर कपूर की ‘रामायण’ का बॉक्स ऑफिस पर जलवा, छठे दिन फिल्म ने पार किया 800 करोड़ का आंकड़ा     |     दिल्ली के नांगलोई में दर्दनाक हादसा, पार्क में खेल रहा 4 साल का मासूम खुला सीवर में गिरा— रेस्क्यू ऑपरेशन जारी     |