इंदौर। शहर के सुपर कारिडोर स्थित इंफोसिस और टीसीएस कैंपस में मंगलवार सुबह तेंदुआ आने की खबर के बाद आफिस में हड़कंप मच गया। क्षेत्रीय लोगों ने तेंदुए को कैंपस के अंदर जाते हुए देखा था, जिसके बाद वन विभाग की टीम को सूचना दी। खबर के बाद टीसीएस कंपनी ने भी अपने कैंपस के गेट बंद कर लिए। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सुपर कारिडोर पहुंची। वन विभाग की टीम अभी पगमार्क देख रही है। अभी गेट बंद कर दिए गए हैं। कैंपस करीब 70 एकड़ में फैला हुआ है। कैंपस के चारों ओर सुरक्षा के लिए ऊंची-ऊंची बाउंड्री वाल भी बनी है। वन विभाग की टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि तेंदुआ अंदर आया कहां से।