जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में अतिक्रमण हटाने के नाम पर जबलपुर नगर निगम प्रशासन की गुंडागर्दी सामने आई है। एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में नगर निगम का अमला समोसे बेचने वाले के ठेले को जेसीबी से तोड़ता हुआ दिखाई दे रहा है। आपको बता दें कि कोतवाली थाना क्षेत्र के सामने एक परिवार समोसे का ठेला लगाता है। नगर निगम की टीम क्षेत्र से अतिक्रमण हटा रही थी। इस दौरान ठेला लगाने वाला अपना ठेला एक गली के अंदर ले गया, लेकिन नगर निगम की टीम ठेला निकालकर कॉलोनी के अंदर से सड़क पर ले आई और ठेले को तोड़ दिया।
इस पूरे मामले पर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम के द्वारा अगर किसी ठेले को तोड़ा गया है तो यह गलत है। नगर निगम अधिकारियों से इस मामले की जानकारी भी ली जा रही है और जो पीड़ित है उससे भी बात की जाएगी आपको बता दें की जबलपुर नगर निगम इन दिनों शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए ताबड़तोड़ कार्यवाही कर रहा है।