रतलाम: कड़कड़ाती ठंड की दस्तक के साथ ही मौसम के राजा गराडू की मांग में तेजी आ गई है। रतलामियों को वैसे ही चटपटा खाने का शौक है ऊपर से गरमा गर्म गराडू का आ जाए तो रुका ना जाए। जी हां हम बात कर रहे हैं मौसम का राजा कहे जाने वाले गराडू की। बढ़ती ठंड में यह लोगों की पहली पसंद बनी हुई है। मालवा की काली मिट्टी में उगने वाला गराडू प्रदेश ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों सहित विदेश में भी प्रसिद्ध है। शहर सहित जिले के बाजार क्षेत्र में ठेलों और दुकानों पर गरमा गर्म गराडू खाने वालों की भीड़ लगी हुई हैं। वही इनका मंडी और दुकानों पर भाव 30 से 60 रुपए किलो है और तले हुए गराडू का भाव 250 से 300 रुपए किलो है।
जानिए कैसे तैयार होती है गराडू फसल
रतलाम जिले में इसकी खेती बांगरोद गांव में होती हैं। करीब 400 बीघा में इसकी फसल बोई जाती हैं। यहां के किसान आशीष धाकड़ का कहना है कि गराडू की फसल गर्मी के सीजन में उगाई जाती है और ठंड में इसकी पैदावार होती हैं और इसकी मांग भी ठंड में ज्यादा है।
गराड़ू खेत में पान जैसे दिखने वाले पत्तों की लंबी बेल के नीचे जमीन में धंसा होता है। जिसे जमीन से खोदकर बाहर निकाला जाता है और फिर उसकी सफाई कर मंडी में बेचने के लिए भेजा जाता है। गराडू की बुवाई बारिश के पहले गर्मी में कर दी जाती है। ठंड आते ही नवंबर माह से फरवरी तक इसे बाहर निकाला जाता है।
यह सबसे लंबे समय तक रहने वाली फसल है। वर्तमान में मंडी में गराडू 30 से 40 रुपये प्रति किलो तक किसानों से खरीदा जा रहा है, जो बाजार में 50 से 60 रुपये किलो तक के भाव में बिकता है। इसके साथ ही इसकी मांग को तेजी आने पर इसकी कीमत 100 रुपए तक पहुंच जाती है।
इसके साथ ही ठंड के समय में होने वाली शादी विवाह के सीजन में भी गराडू की खासी मांग रहती है साथ ही रतलाम जिले सहित अन्य जिलों और राज्यों तक इसकी मांग होती है जिसको लेकर भी इसके भाव में तेजी आती है।