शाजापुर,कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में संपन्न हुई विकसित भारत संकल्प यात्रा की जिला स्तरीय क्रियान्वयन समिति की बैठक
—
शाजापुर
—
शासन की योजनाओं की सतत मॉनिटरिंग जरूरी है। इसके लिए जनप्रतिनिधि एवं प्रशासन के अधिकारी मिलकर काम करें। यह बात जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हेमराज सिंह सिसोदिया ने आज कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में संपन्न हुई विकसित भारत संकल्प यात्रा की जिला स्तरीय क्रियान्वयन समिति की बैठक में कही। इस मौके पर विशेष रूप से उपस्थित नवनिर्वाचित विधायक श्री अरूण भीमावद ने भी संबोधित करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य आमजन की सेवा करना है। शासन की योजनाओं एवं कार्यक्रमों का धरातल पर क्रियान्वयन होना चाहिये। विकसित भारत संकल्प यात्रा में जनप्रतिनिधि सहयोग करें। इस अवसर पर कलेक्टर श्री किशोर कन्याल, जिला पंचायत सीईओ श्री संतोष टैगोर, नगरपालिका शाजापुर उपाध्यक्ष श्री संतोष जोशी भी उपस्थित थे।
विकसित भारत संकल्प यात्रा के संबंध में कलेक्टर श्री कन्याल ने सभी को अवगत कराया कि प्रचार वाहनों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जायेगा। इस यात्रा का लाभ ग्रामीणजनों को प्राप्त हो, इसके लिए जनप्रतिनिधिगण सहयोग करें। विकसित भारत संकल्प यात्रा के लिए रूट चार्ट बनाया जा रहा है। इस यात्रा के दौरान की जाने वाली गतिविधियों का दस्तावेजिकरण भी किया जायेगा। जिला पंचायत सीईओ श्री टैगोर ने इस मौके पर यात्रा के उद्देश्य रूट चार्ट एवं कार्यक्रम, अभियान में सम्मिलित योजनाओं एवं अन्य विभागों की सहभागिता के बारे में विस्तार से बताया।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सिसोदिया ने संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही हितग्राहीमूलक योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ पात्र व्यक्तियों का मिलना चाहिये। जो पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित है, उन्हें लाभांवित करने के लिए विभागों को कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि हमारा जिला योजनाओं के क्रियान्वयन में अग्रणी रहे, यह प्रयास करें। इसके लिए योजनाओं की सतत मॉनिटरिंग आवश्यक है।
नवनिर्वाचित विधायक श्री अरूण भीमावद ने संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा जिले में सफल हो, इसके लिए सभी को कार्य करना होगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे इस यात्रा के क्रियान्वयन में सहभागी बनें और सहयोग करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं के लाभ से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित नहीं रहे। कार्यालयों में लंबित आवेदनों का भी त्वरित प्राथमिकता के साथ निराकरण करें। साथ ही उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान लगने वाले शिविरों में भी स्थल पर ही लोगों की समस्याओं एवं कार्यों का निदान हो। 40 दिन के इस कार्यक्रम को उत्सव एवं उत्साह के साथ क्रियान्वित करें। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग मिट्टी परीक्षण के कार्य को प्राथमिकता दें। शतप्रतिशत किसानों की मिट्टी का परीक्षण हो, ताकि किसान भाई जरूरत के हिसाब से ही उर्वरकों का उपयोग कर सके। उन्होंने निर्वाचन में कार्य करने वाले सभी अधिकारियों को बधाई भी दी।
इस अवसर पर नगरपरिषद मक्सी अध्यक्ष श्रीमती लाड़कुंवरबाई, उपाध्यक्ष श्रीमती पूजा मोढ़सिंह लोधी, अनुविभागीय अधिकारी शाजापुर श्री नरेन्द्र नाथ पाण्डेय एवं शुजालपुर श्री सत्येन्द्र प्रसाद सिंह, श्री दिनेश शर्मा, श्री विजय जोशी, श्री रायसिंह मेवाड़ा, श्री आशीष नागर सहित जनपद पंचायत एवं नगरीय निकायों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण भी उपस्थित थे।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#विकसित_भारत_संकल्प_यात्रा
#JansamparkMP
#collectorshajapur