मतदान दिवस के पूर्व कम्युनिकेशन प्लॉन का ट्रायल करें- कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कन्याल विभागीय अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिये
शाजापुर, 06 नवम्बर 2023/ विधानसभा निर्वाचन-2023 के लिए मतदान दिवस 17 नवम्बर 2023 के पूर्व कम्युनिकेशन टीम अपने प्लॉन का ट्रायल अनिवार्य रूप से करें। उक्त निर्देश कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री किशोर कन्याल ने आज विभागीय अधिकारियों की बैठक में दिये। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री बीएस सोलंकी, जिला पंचायत सीईओ श्री संतोष टैगोर, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अखिल राठौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर श्री कन्याल ने निर्वाचन के लिए अधिगृहित किये जाने वाले वाहनों का परीक्षण करने के भी निर्देश दिये। कलेक्टर ने जिले को प्राप्त होने वाले उर्वरकों की समीक्षा करते हुए कहा कि आने वाले 15 दिन महत्वपूर्ण है, जिसमें किसानों को खेती के लिए उर्वरकों की आवश्यकता पड़ेगी। किसान कल्याण एवं कृषि विभाग, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि उर्वरकों के विक्रय पर नजर रखें। किसी तरह की कालाबाजारी नहीं होने दें। कालाबाजारी करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही करें। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के तहत प्राप्त होने वाली शिकायतों के निराकरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे शिकायतों का निराकरण त्वरित गति से करें और प्रदेश में बनी शाजापुर की रैंकिंग को गिरने नहीं दें। विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री श्री सुनील पटेल को कलेक्टर ने निर्देश दिये कि ट्रांसफार्मर्स के प्रतिस्थापित करने की गति को बढ़ाए एवं प्रतिदिन किये जाने वाले कार्यों की जानकारी जनसम्पर्क अधिकारी को दें। इसी तरह कलेक्टर ने निर्देश दिये कि वे त्यौहारों के सीजन में नागरिकों को मिलावटी या खराब सामग्री नहीं मिले, इसके लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निरंतर छापामार कार्यवाही करें और प्रचार-प्रसार के लिए जनसम्पर्क अधिकारी को सूचना भेजें। इसी तरह पशु चिकित्सा विभाग के उपसंचालक को भी कलेक्टर ने निर्देश दिये कि वे पशुओं की बीमारी पर नजर रखें। इस मौके पर कलेक्टर ने जिले में होने वाले संभावित वीआईपी मूवमेंट को दृष्टिगत रखते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।