शाजापुर जिले में 713 बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों ने घर बैठे किया मतदान, रामप्यारी बाई ने 25 साल बाद मतदान किया
शाजापुर, 06 नवम्बर 2023/ विधानसभा निर्वाचन-2023 के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा की गई नई व्यवस्था अनुसार जिले के 753 बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं में से 713 ने आज घर बैठे मतदान किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्री किशोर कन्याल के निर्देशन में आज मतदान संपन्न हुआ। जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग 667 मतदाताओं एवं 18 वर्ष से अधिक उम्र के 86 दिव्यांग मतदाताओं कुल 753 मतदाताओं का नाम घर से मतदान करने की सूची में शामिल किये गये थे। इनमें से शाम 6.30 बजे तक 80 वर्ष से अधिक उम्र के 630 बुजुर्ग मतदाता एवं 18 वर्ष से अधिक उम्र के 83 दिव्यांग मतदाता इस प्रकार कुल 713 मतदाता (94.7 प्रतिशत) मतदान कर चुके थे। जिन मतदाताओं द्वारा आज मतदान नहीं किया गया है, उनसे 10 नवम्बर 2023 को मतदान कराने के लिए पुन: दल भेजा जायेगा।
इसी प्रकार,,
विधानसभा निर्वाचन-2023 के लिए 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों के लिए इस बार निर्वाचन आयोग द्वारा घर से ही मतदान करने की सुविधा प्रदान की गई। इस सुविधा का लाभ शाजापुर नगर के नाग-नागनी रोड़ निवासी 86 वर्षीया श्रीमती रामप्यारी बाई ने भी लिया। रामप्यारी बाई के पुत्र ने बताया कि अस्वस्थता एवं बढ़ती उम्र के कारण उनकी माताजी मतदान करने के लिए मतदान केन्द्र तक नहीं जा पाती थी, इस कारण पिछले 25 वर्षों से रामप्यारी बाई ने मतदान नहीं किया था। निर्वाचन आयोग द्वारा इस बार बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों के लिए घर से मतदान करने की दी गई सुविधा से उनकी माताजी को प्रसन्न्ता हुई है और खुशी-खुशी मतदान किया। मतदान के दौरान पूरी गोपनीयता रखी गई थी। मतदान कराने के लिए सेक्टर अधिकारी सुश्री नेहा चौहान, पीठासीन अधिकारी श्री दिलीप सोलंकी, माइक्रो आब्जर्वर श्री दीपेश जैन एवं मतदान दल के अधिकारी श्रीमती रामप्यारी के निवास पहुंचे थे।
इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री किशोर कन्याल एवं प्रेक्षक श्री अंजनी कुमार मिश्रा व रिटर्निंग अधिकारी विधानसभा निर्वाचन शाजापुर श्री नरेन्द्र नाथ पाण्डेय भी उपस्थित थे।