शाजापुर, 06 नवम्बर 2023/ कलेक्टर श्री किशोर कन्याल के निर्देशानुसार आज शाजापुर नगर के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर खाद्य पदार्थों में मिलावट, नापतोल संबंधी तथा घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक दुरुपयोग के रोकने के लिये खाद्य आपूर्ति विभाग, नापतोल विभाग तथा खाद्य सुरक्षा एवं औषधी प्रशासन विभाग के संयुक्त जांच दल द्वारा जांच की गई।
जाँच दल में प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी श्री देवेन्द्र प्रताप शर्मा, निरीक्षक नापतोल श्री पीएस बारापात्रे, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती दीपा टटवाडे तथा कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री अजय सिंह खराडिया शामिल थे।
प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी श्री शर्मा ने बताया कि संयुक्त जाँच दल द्वारा नई सडक स्थित- शर्मा मिष्ठान, शिवम मावा भण्डार, चौरसिया कैफे एवं धोबी चौराहा स्थित- श्री गणेश उपहार गृह, राज मिष्ठान एवं कोल्ड्रिंग, आनंद किराना स्टोर, आनंद रेस्टोरेंट प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। खाद्य औषधि प्रशासन द्वारा शर्मा मिष्ठान से मलाई बर्फी, आनंद रेस्टोरेंट से मावा बर्फी एवं श्री गणेश रेस्टोरेंट से नमकीन व सेंव के सेम्पल लेकर प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। इसी तरह नापतोल विभाग द्वारा शर्मा मिष्ठान से केले की चिप्स एवं आनंद किराना से गुलाब जामुन के पैकेट पर पैकेज वस्तु अधिनियम, 2011 अंतर्गत घोषणाएं अंकित नहीं पाए जाने से प्रकरण पंजीबद्ध किया गया तथा गणेश उपहार गृह से इलेक्ट्रॉनिक तोल कांटा सत्यापित नहीं होने से जप्त कर प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा शर्मा मिष्ठान से 1 नग, चौरसिया केफे से 1 नग, गणेश उपहार गृह से 1 नग, राज मिष्ठान एवं कोल्ड्रिंग से 1 नग, इस प्रकार कुल 04 घरेलू गैस सिलेण्डर (14.2 के.जी.) का व्यवसायिक रूप में प्रयोग करते हुए पाए जाने पर जप्त कर प्रकरण दर्ज किया गया।