शाजापुर, 03 अगस्त 2023/ कलेक्टर श्री किशोर कन्याल के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजू निदारिया ने नेत्र संक्रमण कंजक्टिवाइटिस (आई.फ्लू) से बचाव की सलाह देते हुए बताया कि कंजक्टिवाइटिस (आई फ्लू) लंबे समय से एक मानसून में होने वाली बीमारी है। प्रदेश में आमतौर पर बारिश के मौसम में इसके मामले बढ़ते हैं। कंजक्टिवाईटिस कुछ मामलों में बेहद संक्रामक हो सकता है और पहले से ही संक्रमित किसी व्यक्ति के सम्पर्क में आने से फैलता है।
आँखों के संक्रमण (conjunctivitis) के लक्षण जिसमें आँखों का लाल गुलाबी होना, आँखों में जलन या खुजली होना, आँखों में असामान्य रूप से अधिक आंसू निकलना इत्यादि हैं। आँखों के संक्रमण होने पर आँखों को सुरक्षित रखने के लिए साफ पानी का प्रयोग करें, अपनी आँखें न मलें, आँखों को पोछने के लिए साफ तौलिए का इस्तेमाल करें, तौलिया व तकिया अन्य व्यक्ति के साथ साझा ना करें, डॉक्टरी सलाह अनुसार आई ड्राप का उपयोग करें, अगर आपके बच्चे की आँखें लाल है तो उसे स्कूल ना भेजें, अपनी आँखों को छूने से पहले एवं बाद में हाथों को अच्छे से धोएं।
जिले की शासकीय स्वास्थ्य संस्थाएं जैसे- जिला चिकित्सालय, सिविल अस्पताल, सामुदायिक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में पर्याप्त मात्रा में आँखों के संक्रमण conjunctivitis की रोकथाम के लिए औषधि उपलब्ध हैं। चिकित्सक की सलाह अनुसार औषधि का उपयोग करें।