‘‘बूझो जानो, फिर देखो, अपना मध्यप्रदेश‘‘ एमपी टूरिज्म क्विज-2023 पम्पलेट का हुआ विमोचन —- क्विज प्रतियोगिता 27 जुलाई को कौटिल्य एकेडमी शाजापुर में
शाजापुर
—
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा प्रदेश के समृद्धिशाली इतिहास, परम्पराओं, ऐतिहासिक धरोहरों, सांस्कृतिक विविधताओं, कला, प्राकृतिक समृद्धि, महापुरूषों, पर्यटन महत्व की संभावनाओं आदि से विद्यार्थीगणों को अवगत कराना तथा पर्यटन के माध्यम से जागरूक करने के उद्देश्य से ‘‘पर्यटन क्विज प्रतियोगिता‘‘ का आयोजन किया जा रहा है। शासन के निर्देशानुसार शाजापुर जिले में जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता दो सत्रों में 27 जुलाई, 2023 को आयोजित की जायेगी। प्रतियोगिता अंतर्गत लिखित परीक्षा प्रातः 10.00 बजे से दोपहर 12.00 बजे तक तथा मल्टी मीडिया क्विज दोपहर 2.30 से 4.30 बजे तक आयोजित की जायेगी। यह जिला स्तरीय प्रतियोगिता कौटिल्य एकेडमी शाजापुर में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता के लिए नोडल अधिकारी जिला पंचायत सीईओ श्री संतोष टैगोर को बनाया गया है।
इसी कड़ी में आज प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्री किशोर कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह द्वारा ‘‘बूझो जानो, फिर देखो, अपना मध्यप्रदेश‘‘ एमपी टूरिज्म क्विज-2023 के पम्पलेट का विमोचन किया गया।
—–
प्रतियोगिता के नियम
—–
प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी श्री विवेक दुबे ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश की सभी शासकीय एवं अशासकीय शालाओं के कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं। प्रत्येक शाला से 3 छात्र-छात्राओं की एक ही टीम भागीदारी करेगी। प्रथम चरण में लिखित बहुविकल्प परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें टीम द्वारा मिलकर उत्तर लिखे जाएंगे। लिखित परीक्षा में चयनित 6 श्रेष्ठ टीम मल्टीमीडिया क्विज़ प्रतियोगिता में भागीदारी करेंगी। मल्टीमीडिया क्विज़ प्रतियोगिता में विजेता एवं उप विजेता टीमों का चयन होगा। उपहार पैकेज कूपन म.प्र. राज्य पर्यटन विकास निगम की इकाईयों में उपयोग किये जाएंगे।
—-
पुरस्कार
—–
प्रथम 3 विजेता टीमों के प्रतिभागियों को जिले के मार्गदर्शक शिक्षक-शिक्षिका के साथ प्रदेश के पर्यटन स्थल पर दो रात्रि और तीन दिन का उपहार पैकेज। (आवास, भोजन एवं परिवहन शामिल) तथा प्रथम 3 उपविजेता टीमों के प्रतिभागियों को जिले के मार्गदर्शक शिक्षक-शिक्षिका के साथ प्रदेश के पर्यटन स्थल पर एक रात्रि और दो दिन का उपहार पैकेज। (आवास, भोजन एवं परिवहन शामिल)। साथ ही सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जायेंगे।
#mptourism #quiz #school #education #collectorshajapur #shajapur #MP
Madhya Pradesh Tourism Department of School Education, Madhya Pradesh