मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत 25 जुलाई से पात्र महिलाओं के आवेदनों को ऑनलाईन प्रविष्टि कराएं- कलेक्टर श्री कन्याल समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक संपन्न
शाजापुर, 24 जुलाई 2023/ मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत 25 जुलाई से पात्र महिलाओं के आवेदनों को ऑनलाईन प्रविष्टि कराएं। उक्त निर्देश कलेक्टर श्री किशोर कन्याल ने आज विभागीय समन्वय एवं समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को दिये। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री बीएस सोलंकी, जिला पंचायत सीईओ श्री संतोष टैगोर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर श्री कन्याल ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में शिकायतों का संतुष्टि के साथ निराकरण करने के निर्देश दिये। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे हितग्राहीमूलक योजनाओं एवं विकास कार्यों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराएं। इस दौरान उन्होंने महिला एवं बाल विकास अधिकारी को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत 25 जुलाई से 20 अगस्त 2023 तक योजना पोर्टल पर नवीन पात्रताधारी महिलाओं के आवेदनों की ई-केवायसी एवं ऑनलाईन प्रविष्टि कराने की तैयारी करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने “मुख्यमंत्री सीखो-कमाओं योजना” की समीक्षा करते हुए उद्योग विभाग के अधिकारी को निर्देश दिये कि जिले के युवाओं को प्रशिक्षण के साथ रोजगार मिले इसके लिए ज्यादा से ज्यादा संस्थाओं का रजिस्ट्रेशन कराएं। साथ ही जिन संस्थाओं का जीएसटी नहीं है और वे अपना रजिस्ट्रेशन उक्त योजना में कराना चाहती हैं, उन संस्थाओं का जीएसटी नंबर खोलने के लिए शिविर लगाएं। उन्होंने बताया कि शाजापुर जिले में 2000 युवाओं को उक्त योजना के तहत रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस दौरान कलेक्टर ने फसल बीमा योजना व खाद की उपलब्धता के संबंध में विस्तारपूर्वक समीक्षा की। कलेक्टर श्री कन्याल ने बाढ़ की संभावनाओं के दौरान जिले में की गई पूर्व तैयारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही उन्होंने जलसंसाधन विभाग के अधिकारी को निपानिया डेम की तत्काल मरम्मत करवाने के निर्देश दिये। इस दौरान उन्होंने सभी तहसीलदारों को निर्देश दिये कि वे अपने कार्यालय में लगे वर्षामापी यंत्र को चेक करें एवं वर्षामापी यंत्र में गड़बढ़ी होने पर इसकी जानकारी दें। इस दौरान उन्होंने सड़कों पर से आवारा पशुओं को हटाने के निर्देश नगरपालिका अधिकारी को दिये। साथ ही उन्होंने पशुपालन विभाग के अधिकारी को निर्देश दिये कि वे पशुओं की जाँच कर देखें कि किसी में लंपी वायरस के लक्षण तो नहीं है।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री संतोष टैगोर ने वृक्षारोपण की विभागवार समीक्षा कर दिये गये लक्ष्य अनुसार वृक्षारोपण करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। साथ ही उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तरीय “संत शिरोमणी रविदास जी समरसता यात्रा” 25 जुलाई 2023 से प्रारंभ होगी। यह यात्रा 02 अगस्त 2023 को शाजापुर जिले में प्रवेश करेगी। इस दौरान यह यात्रा जिले के विभिन्न स्थानों से होकर गुजरेगी। इस संबंध में उन्होंने यात्रा के लिए आवश्यक तैयारियों के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। साथ ही उन्होंने इस दौरान होने वाले कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं की जानकारी भी दी।
इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की वन स्टॉप सेंटर प्रशासक सुश्री नेहा जायसवाल ने महिलाओं का कार्यालय स्थल पर लैंगिग उत्पीड़न के संबंध में विभागवार गठित की जाने वाली समिति एवं उक्त समिति के कार्य के बारे में जानकारी दी। साथ ही जिन विभागों द्वारा अभी तक अपने कार्यालय स्थल पर समिति नहीं गठित की गई है, उन्हें समिति गठित कर इसकी जानकारी महिला एवं बाल विकास विभाग को उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।