कालापीपल/शाजापुर. कालापीपल थाना क्षेत्र के ग्राम खोंकराकलां निवासी एक युवक सोमवार रात घर में सोने के लिए गया, लेकिन मंगलवार सुबह शव घर के बाहर पड़ा मिला। परिजनों की सूचना पर कालापीपल पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। शव को पीएम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामले को जांच में लिया है।
खोकराकलां के राजपूत मोहल्ला निवासी धर्मेंद्र (28) पिता सोनारसिंह राजपूत के परिवार में सोमवार को कार्यक्रम था। इसमें धर्मेंद्र भी शामिल था। आसपास के लोगों के अनुसार रात 11 बजे धर्मेंद्र घर में सोने के लिए गया था। सुबह 6.30 बजे कालापीपल पुलिस को सूचना मिली कि धर्मेंद्र का शव उसके घर के बाहर पड़ा हुआ है।
पुलिस पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मामले में मर्ग कायम कर पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
दो दिन पहले रिपोर्ट लिखवाने गया था थाने पर-ग्राम में पिछले दिनों लव जिहाद के मामले को लेकर हिंदूवादी संगठन के सदस्यों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। धर्मेंद्र भी इन लोगों के साथ गया था। ऐसे में जब धर्मेंद्र का शव घर के बाहर मिलने की सूचना मिली तो पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का अध्ययन किया। हालांकि पीएम करने वाले डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि युवक की मौत गिरने से हुई है। इसके चलते पुलिस ने मर्ग कायम किया है।
जांच चल रही है
खोखराकलां में युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। दो दिन पहले हुए मामले को लेकर इस प्रकरण में त्वरित रूप से जांच की गई। इसमेें पता लगा युवक तीन-चार सीढ़ियों से गिरा, जिससे सिर में चोट लगने से मौत हो गई। पीएम करने वाले चिकित्सक ने बताया कि सिर में जहां चोट लगी उसके दूसरी ओर की हड्डी टूटी है। इससे स्पष्ट है कि उसको चोट गिरने से ही लगी है। शव को पीएम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
रवि भंडारी, थाना प्रभारी-कालापीपल