शाजापुर, 09 जुलाई 2023/ आयुक्त कोष एवं लेखा श्री ज्ञानेश्वर बी पाटिल के निर्देशानुसार एवं डाक्टर राजीव सक्सेना संचालक कोष एवं लेखा के मार्गदर्शन में तथा कलेक्टर श्री किशोर कन्याल के नेतृत्व में शाजापुर जिले के डीडीओ एवं कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए जिला कोषालय शाजापुर में 10 एवं 11 जुलाई 2023 को 02 दिन के लिए विशेष शिविर आयोजित किया जायेगा।
वरिष्ठ जिला कोषालय अधिकारी श्री जी एल गुवाटिया ने जिले के समस्त आहरण संवितरण अधिकारियों से अनुरोध किया है कि किसी भी प्रकार की समस्या जैसे -तकनीकी कारणों से किसी कर्मचारी का वेतन, जीपीफ, जीआईएस, एरियर, एक्स ग्रेसिया, भुगतान नहीं हो पा रहा हो तो एस डी (कंप्लेंट) लॉक करते हुए तत्काल जिला कोषालय शाजापुर को एस डी नंबर सहित समस्या का विवरण दर्ज करते हुए, जिला कोषालय शाजापुर के ई मेल toshajapur@gmail.com पर लिखित में सूचित करे या जिला कोषालय शाजापुर में फिजिकली कॉपी भी भेज सकते है, जिला कोषालय शाजापुर द्वारा डीडीओ की तकनीकी या अन्य प्रकार की समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाएगा।
शिकायत एवं समस्या का निराकरण जिला कोषालय स्तर पर नही होने पर आयुक्त कोष एवं लेखा मप्र भोपाल से अनुरोध कर निराकरण कराया जायेगा। वरिष्ठ जिला कोषालय अधिकारी श्री गुवाटिया ने बताया कि जिला कोषालय शाजापुर द्वारा समय समय पर डीडीओ को प्रशिक्षण देकर या समस्याएं आमंत्रित कर निराकरण कराते आ रहे है, साथ ही 2 दिनों में डीडीओ की शत प्रतिशत समस्याओं का निराकरण करने का भी प्रयास किया जायेगा।