जम्मू: श्री अमरनाथ यात्रा मार्ग पर भूस्खलन के कारण यात्रा को रोक दिया गया है जिसके कारण जो भी यात्री जहां भी थे उन्हें वहीं रुकने के लिए कहा गया है। खबर के अनुसार पंचतरणी में भी कुछ लोग फंसे हुए हैं उन्हें वहां पर बने टेंटों में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। मिली जानकारी के अनुसार पंचतरणी में करीब 8 हज़ार यात्रियों के रुकने के लिए अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने कुछ राहत प्रदान की है। कैंप डायरेक्टर पंचतरणी शेर सिंह तथा यात्रा अधिकारी पंचतरणी एस.पी. मुनीश आनंद से विशेष बातचीत में जानकारी मिली है कि जो टेंट 600 रुपए प्रति दिन प्रति यात्री के हिसाब से मुहैया करवाया जाता था वह अब 200 रुपए प्रति दिन प्रति यात्री के हिसाब से मुहैया करवाया जाएगा जिससे कुछ हद तक यात्रियों को राहत मिलेगी।
गौरतलब है कि खराब मौसम के कारण पहलगाम और बालटाल मार्गों पर दूसरे दिन भी यात्रा स्थगित रही है। आज की सुबह भी किसी को पवित्र गुफा की ओर जाने की अनुमति नहीं दी गई। उधर, पहलगाम से अमरनाथ गुफा तक के यात्रा मार्ग पर स्थित पोषपत्री में भी ताज़ा हिमपात हुआ है।