शाजापुर
—-
कलेक्टर ने गुलाना में सुनी ग्रामीणों की राजस्व संबंधी समस्याएं
—
कलेक्टर श्री किशोर कन्याल के निर्देश पर आज शाजापुर जिले की नगरपरिषद अकोदिया में राजस्व संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर श्री कन्याल ने स्वयं उपस्थित होकर ग्रामीणों की राजस्व संबंधी समस्याएं जैसे नामांतरण, बटवारा, सीमांकन, रास्ता खुलवाने आदि समस्याओं को सुनकर उनका तत्काल मौके पर ही निराकरण कराया।

शिविर में वार्ड क्रमांक 12 के शिवनारायण ने कलेक्टर को आवेदन देकर बताया कि व्यापारियों द्वारा सड़क पर ही वाहन खड़ा कर सामान उतारा जाता है, जिससे आने-जाने में काफी परेशानियां होती है। इस पर कलेक्टर ने नगरपरिषद अकोदिया के अधिकारी को वाहन हटाने की तत्काल कार्रवाई करते हुए रास्ता रोकने वालों पर 5000 रूपये जुर्माने की कार्रवाई करते हुए के निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि यदि कोई नगर के सार्वजनिक रास्ते पर वाहन खड़ा कर रास्ता अवरूद्ध करता है तो संबंधित पर प्रतिदिन के हिसाब के मान से 2000 रूपये के जुर्माने की कार्रवाई करें। वार्ड नम्बर 05 के नागरिकों ने नाली निर्माण कराने का आवेदन दिया। इस पर कलेक्टर श्री कन्याल ने नगरपरिषद अधिकारी को निर्देश दिये कि नाली निर्माण का प्रस्ताव बनाकर कार्य कराएं। यदि नगरपरिषद के पास बजट नहीं है तो वह अपनी आय को बढ़ाने के लिए संपत्तिकर, जलकर, विकास शुल्क आदि की वसूली करें और उसका उपयोग नगर के विकास में करें। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिये कि नगर की सड़कों पर गुटका पाऊच खाकर यहां-वहां थूकने वालों एवं गंदगी फैलाने वालों के विरूद्ध जुर्माने की कार्रवाई करें। उन्होंने नगर की सड़कों पर बैठने वाले मवेशियों को हटवाने एवं संबंधित पशु मालिक पर 1000 जुर्माने की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिये।

रानी बड़ोद के रमेश मेवाड़ा ने शासकीय भूमि पर से अतिक्रमण हटाने के लिए आवेदन दिया। इस पर कलेक्टर ने संबंधित तहसीलदार को मौके पर जाकर अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिये। बाबुलाल व रामप्रसाद ने फसल बीमा की मुआवजा राशि दिलाने का अनुरोध किया। कलेक्टर ने कृषि विभाग के अधिकारी को संबंधित के आवेदन पर कार्रवाई कर मुआवजे की राशि प्रदान करने के निर्देश दिये। फुलेन के पार्षद श्री जगदीश ने वार्ड नंबर 05 एवं 06 में लगभग डेढ़ किलोमीटर रास्ता बनवाने के लिए आवेदन दिया। इस पर कलेक्टर श्री कन्याल ने रास्ता बनवाने के लिए अपनी ओर से एक लाख रूपये देने के लिए कहा एवं उपस्थित नागरिकों से जनसहयोग के माध्यम से एक लाख रूपये एकत्रित करने में आर्थिक सहयोग करने का अनुरोध किया। इसी तरह अकोदिया के दिव्यांग अबरार ने खराब ट्रायसिकल सुधरवाने का अनुरोध किया। इस पर कलेक्टर ने अपनी ओर से आवेदक अबरार को 500 रूपये की राशि ट्रायसिकल सुधरवाने के लिए प्रदान की। वार्ड क्रमांक 07 के रहवासियों ने विद्युत डीपी को कहीं ओर शिफ्ट करने के संबंध में अवगत कराया। इस पर कलेक्टर ने अधीक्षण यंत्री श्री सुनील पटेल को तत्काल दूरभाष पर निर्देश देकर विद्युत डीपी शिफ्ट कराने के निर्देश दिये। साथ ही कलेक्टर ने विद्युत डीपी शिफ्ट करने के लिए नगरपालिका अधिकारी को बिल्डर्स की तत्काल बैठक लेकर उन्हें समझाईश देने के निर्देश दिये। इसी तरह वार्ड नंबर 14 की लीलाबाई ने विद्युत बिल की राशि कम करने के लिए आवेदन दिया। इस पर कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारी को मीटर की जाँच करने के निर्देश दिये।
—–
राजस्व शिविर में 73 आवेदन प्राप्त
——
नगरपरिषद अकोदिया में आज संपन्न हुए राजस्व शिविर में राजस्व एवं विभिन्न प्रकार की समस्याओं से संबंधित कुल 73 आवेदन प्राप्त हुए। जिसमें राजस्व विभाग के 20, नगर पंचायत अकोदिया के 25, जनपद पंचायत के 02, महिला एवं बाल विकास के 03, विद्युत विभाग के 04, स्वास्थ्य विभाग के 04, कृषि विभाग का 01, शिक्षा विभाग के 04 एवं अन्य विभाग से संबंधित 10 आवेदन प्राप्त हुए। इस प्रकार कुल 73 आवेदन प्राप्त हुए।
——
12 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया
——
नायब तहसीलदार ने बताया कि आज संपन्न हुए राजस्व शिविर में कुल 73 आवेदनों पर कलेक्टर श्री किशोर कन्याल के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए 12 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया। जिसमें राजस्व विभाग के 04 एवं नगर पंचायत अकोदिया के 08 आवेदनों का निराकरण किया गया। शेष आवेदनों की जाँच उपरांत निराकरण की कार्रवाई की जायेगी।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी शुजालपुर श्री सत्येन्द्र प्रसाद सिंह, तहसीलदार श्री राकेश खजुरिया, नायब तहसीलदार अकोदिया श्री मुकेश सांवले, नगर परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि श्री संतोष मेवाड़ा, पार्षद श्री जगदीश मेवाड़ा, पार्षद श्री राजकुमार परमार, श्री जगदीश सितारा, श्री अजय राठी, श्री बाबू मेहता सहित क्षेत्र के पटवारी, आरआई, गणमान्य नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन भी मौजूद थे।
#revenue #JansamparkMP #collectorshajapur #shajapur #MP
Revenue Department MP
Jansampark Madhya Pradesh