भोपाल: मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने अपने दोस्त व सीधी कांड के पीड़ित दशमत रावत के लिए बड़ा ऐलान किया है। शिवराज सिंह चौहान ने उनके लिए पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। इतना ही नहीं सरकार ने दशमत के लिए घर के निर्माण के लिए डेढ़ लाख रुपये की अतिरिक्त राशि प्रदान की है।
सीधी में आदिवासी दशमत के साथ शर्मनाक घटना की भरपाई के लिए शिवराज सरकार लगातार कोशिश कर रही है। अभी बीते कल गुरुवार को शिवराज सिंह ने पीड़ित दशमत को सीएम हाउस बुलाकर उनके पैर धोए थे और खाना खाया था। दशमत को शिवराज सिंह ने अपना दोस्त बताया था और पेशाब कांड के लिए माफी भी मांगी थी। इसके ठीक एक दिन बाद अब शिवराज सिंह चौहान ने एक दशमत के लिए एक और बड़ा ऐलान किया है।
सीधी जिला कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर, रावत के लिए पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता और घर के निर्माण के लिए डेढ़ लाख रुपये (कुल 6.5 लाख रुपये) की अतिरिक्त सहायता मंजूर की गई है।
बता दें कि प्रदेश के सीधी जिले में प्रवेश शुक्ला नामक युवक ने रावत पर पेशाब कर दिया था, जिसका वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद पुलिस ने शुक्ला के खिलाफ मामला दर्ज कर बुधवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने पहले कहा था कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तथा कड़े राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत भी कार्रवाई शुरू की गई है। बृहस्पतिवार को चौहान ने चेतावनी दी कि अन्याय पूर्ण कार्य करने वालों और गरीबों के खिलाफ गलत काम करने वालों को कड़ी सजा दी जाएगी। प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने है। सीधी पेशाब कांड ने प्रदेश में एक राजनीतिक विवाद पैदा कर दिया है। विपक्षी कांग्रेस ने इस घटना को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा पर हमला किया है और पीड़ित के पैर धोने के चौहान के कृत्य को महज एक नाटक बताया है।