कलेक्टर श्री कन्याल ने कुएं के पानी के विवाद में दो भाईयों का समझौता करायाकलेक्टर ने गुलाना में सुनी ग्रामीणों की राजस्व संबंधी समस्याएं
शाजापुर
—
शिव मंदिर की शासकीय भूमि पर से अवैध कब्जा हटाने के दिये निर्देश
—
कलेक्टर के निर्देश पर आज ही मिला विक्रम को सीमांकन आदेश
—
गुलाना में आयोजित हुए राजस्व शिविर में 93 आवेदन प्राप्त
—
Malwaabhitak
—
कलेक्टर श्री किशोर कन्याल के निर्देश पर आज शाजापुर जिले की गुलाना तहसील में राजस्व संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर श्री कन्याल ने स्वयं उपस्थित होकर ग्रामीणों की राजस्व संबंधी समस्याएं सुनकर उनका तत्काल मौके पर ही निराकरण कराया। साथ ही उन्होंने राजस्व संबंधी विवादित प्रकरणों में आपसी सहमति से समझौता भी कराया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हेमराज सिंह सिसोदिया, जिला पंचायत सदस्य श्री जगदीश फौजी, अनुविभागीय अधिकारी श्री नरेन्द्र नाथ पाण्डेय, तहसीलदार श्री जीवन मोघी, नायब तहसीलदार श्री संदीप इवने सहित श्री प्रभुराजसिंह राजपूत, श्री भूपेन्द्र पाटीदार व क्षेत्र के पटवारी, आरआई, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन भी मौजूद थे।

शिविर में ग्राम खरसौदा के जीतमल पिता नारायणसिंह व इनके पुत्र हेमंत द्वारा उनके शामिल कुएं से उनके भाई रमेश्चन्द्र पिता नारायणसिंह द्वारा सिंचाई के लिए पानी नहीं दिये जाने संबंधी समस्या से कलेक्टर को अवगत कराया। इस पर कलेक्टर श्री कन्याल ने दोनों भाईयों को शिविर में बुलाकर समझाया एवं उन्हें आपस में मिलजुलकर रहने की समझाईश देते हुए फसल सिंचाई के लिए अपने भाई को कुएं का पानी देने के लिए आपसी समझौता कराया। इसी तरह ग्राम मदाना के विक्रम पिता सिद्धनाथ ने भूमि के सीमांकन के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर कलेक्टर के निर्देश का पालन करते हुए नायब तहसीलदार श्री संदीप इवने द्वारा आज ही तत्काल सीमांकन का आदेश बनाकर विक्रम को प्रदान किया, जिस पर कलेक्टर ने नायब तहसीलदार श्री इवने के कार्य की प्रंशसा करते हुए ताली बजवाई। साथ ही उन्होंने उपस्थित राजस्व अधिकारियों को राजस्व संबंधी समस्याओं का मौके पर जाकर त्वरित निराकरण करने के निर्देश भी दिये। इसी तरह ग्राम चितावद के ग्रामवासियों ने शिव मंदिर की शासकीय भूमि पर से अवैध कब्जा हटवाने का अनुरोध कलेक्टर से किया। इस पर कलेक्टर ने संबंधित तहसीलदार को निर्देश दिये कि शिव मंदिर की शासकीय भूमि पर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करें। यदि अतिक्रमणकर्ता अतिक्रमण नहीं हटाता है तो अतिक्रमण हटवाने में उपयोग की जा रही मशीनरी एवं मैन पॉवर का खर्चा भी अतिक्रमणकर्ता से वसूल करें। यदि अतिक्रमणकर्ता राशि नहीं चुकाता है तो उसकी भरपाई कुर्की के माध्यम से करें। इस दौरान उन्होंने 151 की कार्रवाई करने के भी निर्देश दिये। ग्राम घटियाखुर्द के लालजीराम ने अपनी भूमि पर कब्जा दिलाने संबंधी आवेदन दिया। कलेक्टर ने आरआई को एक सप्ताह के भीतर कब्जा दिलाने की कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिये। सिमरोल के ताराचन्द्र ने बटांकन व सीमांकन का आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर कलेक्टर ने राजस्व निरीक्षक व पटवारी को जल्द से जल्द बटांकन व सीमांकन की कार्रवाई करने के निर्देश दिये। गुलाना के पवन पिता रामेश्वर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ दिलाने का आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने तुरंत संबंधित पटवारी को जाँच करने के लिए कहा। इस पर संबंधित किसान पवन का नाम पूर्व से ही पोर्टल पर दर्ज पाया गया। इसी तरह गुलाना में आयोजित हुए राजस्व शिविर में राजस्व एवं विभिन्न समस्याओं के 93 आवेदन प्राप्त हुए। इस मौके पर कलेक्टर द्वारा स्कूल व कॉलेज के छात्रों को उपहार स्वरूप टिफिन व पानी की बोटल भेंट की गई।

कलेक्टर द्वारा शिविर के दौरान किये जा रहे त्वरित निराकरण की कार्रवाई को देखते हुए ग्रामीणजनों ने कलेक्टर को धन्यवाद दिया।
#revenue #JansamparkMP #collectorshajapur #shajapur #MP
Department Of Revenue, Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
