हाथी ज्यादातर शांत रहते हैं और यह इंसानों के काफी अच्छे दोस्त भी माने जाते हैं लेकिन अगर इनको परेशान किया जाए तो इनका गुस्सा भी कम नहीं हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें हाथियों का एक झुंड तीन लोगों का पीछा करता नजर आ रहा है। यह वीडियो उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक झुंड के साथ सेल्फी ले रहे थे, तभी हाथी भड़क गए और उनपर हमला कर दिया, जिसके बाद तीनों युवकों को अपनी जान बचाने के लिए भागना पड़ा।
यह घटना तब हुई जब तीनों लोग नेपाल जाने के लिए दुधवा टाइगर रिजर्व से गुजर रहे झुंड के साथ सेल्फी लेने लग गए। इससे हाथी भड़क गए और तीनों पर हमला कर दिया। हाथियों के गुस्से को देखते हुए तीनों तेजी से भागे जिनमें से एक दौड़ते-दौड़ते गिर गया और उसके हाथ से मोबाइल भी गिर गया। हालांकि गनीमत रही कि शख्स ने समय रहते खुद को संभाल लिया और उठकर भाग निकला
बताया जा रहा है कि वहां खड़े किसी राहगीर ने यह सारा वीडियो बना लिया और इसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। आईएफएस अधिकारी अक्सर हाथियों को टहलने के दौरान परेशान न करने के बारे में सलाह संबंधी पोस्ट शेयर करते रहते हैं लेकिन कई लोग इस चेतावनी को नजरअंदाज कर खुद की जान जोखिम में डाल लेते हैं। इस वीडियो आईएफएस अधिकारी सुसांत नंदा ने अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया है। वीडियो के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा- सेल्फी लेने के लिए वे न सिर्फ बेवकूफी भरी हरकतें करते हैं, बल्कि बड़े शौक से करते हैं।