केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष जी किशन रेड्डी ने बुधवार को कहा कि पार्टी के सभी नेताओं के समन्वय से वह राज्य में भाजपा को सत्ता में लाने के लिए काम करेंगे। प्रदेश इकाई में अंतर्कलह की खबरों के बीच रेड्डी ने मंगलवार को करीमनगर के सांसद बंडी संजय कुमार की जगह पार्टी की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष का पद संभाला। राज्य में विधानसभा चुनाव इस साल के अंत में होने हैं।
रेड्डी ने दिल्ली में पत्रकारों से कहा कि उन्होंने 1980 से ही एक निष्ठावान सिपाही की भांति पार्टी के निर्देशों का पालन करते हुए उसके लिए काम किया है और उन्होंने कभी कोई पद नहीं मांग। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे लिए पार्टी से अधिक महत्वपूर्ण कुछ और नहीं है। पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व तेलंगाना में भाजपा को सत्ता में आते हुए देखना चाहेगा।” उन्होंने कहा, ‘‘हम राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व और सभी के साथ समन्वय करके आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता में लाने के एकमात्र लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ेंगे।”
रेड्डी ने कहा कि सामूहिक कार्ययोजना तैयार की जाएगी और वह बुधवार रात को हैदराबाद में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे। उन्होंने कहा कि वह आठ जुलाई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के तेलंगाना के वारंगल दौरे को सफल बनाने के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान विकास कार्यक्रमों में भाग लेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे। रेड्डी ने कहा कि मोदी वारंगल में रेल विनिर्माण इकाई के लिए ‘भूमिपूजन’ करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि वारंगल को ‘रेलवे विनिर्माण केंद्र’ बनाया जाएगा।