खंडवा: सावन महीने के पहले ही दिन ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में श्रद्धालुओं से पंडों की लूट सामने आई। श्रद्धालुओं की शिकायत पर पुलिस ने चारों ही आरोपी पंडों के खिलाफ केस दर्ज कर पांच-पांच हजार के बांड भरवाकर जमानत दे दी। वीआईपी दर्शन पर प्रतिबंध के बावजूद उनसे दर्शन कराने के नाम पर आरोपियों ने राशि की वसूली की लेकिन दर्शन नहीं कराए गए।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को चार पंडों द्वारा तीर्थयात्रियों से वीआईपी दर्शन के नाम पर राशि मांगने की शिकायत पुलिस को मिली। श्रद्धालुओं ने चारों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। टीआई बलजीतसिंह बिसेन ने बताया शिकायत मिलने पर ईश्वर पिता मोहन, बजरंग पिता लक्की निवासी ओंकारश्वर, किशन पिता राधेश्याम निवासी बड़वाह तथा अखनी कल्याण निवासी ओंकारेश्वर के खिलाफ धारा 107, 116 व 161 के तहत केस दर्ज किया है। तहसीलदार द्वारा चारों से 5-5 हजार रुपए का बांड भी भरवाया गया है।
पर्व व सावन माह को देखते हुए कुछ दिन पहले प्रशासन ने तीर्थनगरी के समाजसेवियों, गणमान्यजनों व पंडे-पुजारियों की बैठक ली थी। श्रद्धालुओं से अभद्रता व लूट की बात भी उठी थी। इस पर प्रशासन ने श्रद्धालुओं को लूटने वालों को पकड़ने के लिए फ्लाइंग स्क्वायड गठित करने की बात कही थी। यह आज तक मंदिर में नहीं दिखाई दी।