समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार के समय एक भी विकास कार्य नहीं हुआ है। अखिलेश ने कहा कि मानसून में बारिश ने आते ही लोगों के सामने बीजेपी का कथित विकास का सच आ गया है। कोई भी स्मार्ट सिटी नहीं बनी है, बीजेपी सिर्फ लोगों से झूठ बोलती रही है।
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी को जापान के क्योटो शहर बनाने का लुभावना सपना दिखाया था. वह सपना तो सपना ही रह गया अलबत्ता काशी क्योटो के बजाय इटली के वेनिस शहर में तब्दील हो गया है। जहां पानी ही पानी है। भाजपा राज में एक भी स्मार्ट सिटी तो बनी नहीं, बीजेपी सरकार सिर्फ जुमले उछालकर स्मार्ट सिटी के नाम पर धोखा देती रही हैं। सड़कों पर सीवर का गंदा पानी बह रहा है। जगह-जगह काशी में जलभराव हो रहा है। सफाई व्यवस्था के नाम पर कीचड़ दिखाई दे रहा है। गड्ढ़ायुक्त सड़क दुर्घटना का कारण बन रही है। आवारा पशु छुट्टा घूम रहे हैं। सांड़ो के हमले से कई जानें जा चुकी है।”
बीजेपी ने गंगा को नाला बनाकर रख दिया हैः अखिलेश
सपा मुखिया ने कहा कि बीजेपी ने ‘मां गंगा ने बुलाया है‘ का मंत्र जापकर्ताओं ने ‘नमामि गंगे योजना‘ में गंगा को नाला बनाकर रख दिया है। पुष्पवर्षा की नौटंकी रचने वाली इस सरकार ने गंगा को निर्मल बनाने के नाम पर सिर्फ घोटाला ही किया है। गंदे पानी में श्रद्धालु स्नान, आचमन और जलाभिषेक करने को मजबूर हैं। सावन में बाबा विश्वनाथ महादेव का जलाभिषेक करने के लिए कांवड़िये बड़ी संख्या में गंगा जल लेने आते है।”
बीजेपी सरकार में नहीं हुआ कोई विकास
अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के राज में बिजली भी महंगी है। महंगाई बढ़ी है, बिजली के बिल महंगे आ रहे है, लेकिन लोगों को बिजली मिल नहीं रही। उद्योग धंधे ठप्प हो रहे हैं। बीजेपी सरकार के समय एक भी बिजली घर नहीं लगा। जो व्यवस्था और बिजली उत्पादन समाजवादी सरकार में हुआ था वह भी रख रखाव के अभाव में बर्बाद हो गया है।” हमने यूपी में कई विकास के प्रतिमान दिए थे। जबकि भाजपा सरकार में कोई भी विकास नहीं हुआ है।