शाजापुर. सुंदरसी थाना क्षेत्र के ग्राम रूपापुरा के सामने से गुजरी कालीसिंध नदी में शुक्रवार सुबह एक शव पानी में पड़ा दिखा। जानकारी गांव के चौकीदार ने सुंदरसी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव निकालकर जांच की तो पता लगा कि मृतक थलसेना का जवान है। जो जम्मू के गांव में रहता था। युवक के पास से मिले दस्तावेज के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई। शनिवार तक परिजन पहुंच जाएंगे।
जानकारी के अनुसार सुंदरसी पुलिस को शुक्रवार सुबह 11 बजे रूपापुरा के चौकीदार ने सूचना दी कि गांव के सामने नदी में एक शव औंधे मुंह पड़ा है। सुंदरसी थाना प्रभारी रतनसिंह परमार अन्य पुलिस जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। शव को निकालकर देखा तो शव एक युवक का था। मृतक के पास से मिले दस्तावेजों को जांचा तो मृतक का नाम जसवंत सिंह (26) पिता जगदीश राज निवासी समदू रामगढ़, जम्मू का होना पाया गया। युवक के पास से पुणे की आर्मी कैंटीन का कार्ड भी बरामद हुआ। इससे पता लगा युवक थलसेना का जवान था।
झेलम एक्सप्रेस का टिकट मिला
परमार ने बताया मृतक के पास से रेल का टिकट भी मिला। यह 19 जून की झेलम एक्सप्रेस से पुणे से जम्मूतवी जाने वाला है। परमार ने बताया, प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया जवान वर्तमान मेें पुणे में ट्रेनिंग पर था और छुट्टी में घर जा रहा था। थाना प्रभारी के अनुसार मृतक के पास से जिस ट्रेन का टिकट मिला है उसका रूट इधर है ही नहीं। ऐसे में यह जांच का विषय है। उन्होंने बताया शव पानी में फुल गया था। पीएम के लिए जिला अस्पताल पहुंचा दिया है।