जबलपुर। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने यूनिफॉर्म सिविल कोड पर बड़ा बयान दिया है। जबलपुर पहुंचे वीडी शर्मा ने कहा कि पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देशवासियों की हर मांग ज़रुर पूरी होगी। शर्मा ने कहा कि अगर जनता कॉमन सिविल कोड चाहती है तो सरकार उसे लाकर दिखाएगी भले विरोधी विरोध करते रहें। शर्मा ने कहा कि असद-उद्दीन ओवैसी ने कश्मीर से धारा 370 हटाने का भी विरोध किया था लेकिन देश की जनता ने उस विरोध को भी नकार दिया।
वीडी शर्मा ने कहा कि देश का विरोध करने वाले लोग संसद में नहीं जेल में होंगे। इधर योग दिवस का भाजपाईकरण करने के कांग्रेस के आरोपों पर वीडी शर्मा ने तीखा बयान दिया। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की पहचान सिर्फ भ्रष्टाचार से होती है लेकिन विकास ही भाजपा की पहचान है। वीडी शर्मा ने कहा कि आज देश के लिए भाजपाईकरण ज़रुरी है क्योंकि देश को सुरक्षा, स्वाभिमान, जनकल्याण और विकास चाहिए जो भाजपाईकरण से ही संभव है। वहीं कर्नाटक चुनाव को बदलाव का संकेत मान रही कांग्रेस पर वीडी शर्मा ने जमकर निशाना साधा।
वीडी ने कहा कि कांग्रेस अच्छे से याद रख ले कि एमपी कर्नाटक से दूर है लेकिन गुजरात और यूपी के पास है। शर्मा ने कहा कि एमपी के विधानसभा चुनाव में गुजरात और यूपी की प्रचंड जीत की छाप दिखेगी और वो प्रचंड विश्वास से कहते हैं कि एमपी में भाजपा 200 से ज्यादा सीटें लाकर इतिहास रच देगी। वीडी शर्मा ने कहा कि 27 जून को पीएम मोदी भोपाल से 10 लाख बूथों के करोडों कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और अपने कार्यकर्ताओं के दम पर भाजपा मध्यप्रदेश में फिर इतिहास बना कर दिखाएगी।