कलेक्टर श्री कन्याल ने पशु एंबुलेंसो का अवलोकन किया जिले के लिए 5 पशु एंबुलेंस प्राप्त पशुपालक टोल फ्री नंबर 1962 पर कॉल कर घर पर पशुओ का ईलाज करवा सकते हैं पशुपालकों को 150 रूपये शुल्क देना होगा
शाजापुर, 14 मई 2023/ कलेक्टर श्री किशोर कन्याल ने आज जिला पशु चिकित्सालय परिसर में पशु एंबुलेंसो का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने एंबुलेंस पर नियुक्त पशु चिकित्सा अधिकारी डाक्टर रोमेश राजोरिया से एंबुलेंस के माध्यम से दी जाने वाली सेवाओं तथा उसमे मौजूद सामग्रियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर श्री कन्याल ने एंबुलेंस की सुरक्षा एवं रख-रखाव के लिए निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने एंबुलेंस कर्मियों से निष्ठा व लगन के साथ कार्य करते हुए पशुपालकों को अधिक से अधिक लाभ देने के लिए कहा।

जिले के लिए कुल 5 एंबुलेंस प्राप्त
सिविल सर्जन पॉलीक्लिनिक डॉक्टर श्रीवास्तव ने बताया कि शाजापुर जिले के लिए कुल 5 चलित पशु चिकित्सा इकाई एंबुलेंस प्राप्त हुई है। जिसमें चारो विकासखंडों-शाजापुर, मो.बड़ोदिया, शुजालपुर, कालापीपल के लिए एक-एक एंबुलेंस तथा शाजापुर शहरी क्षेत्र के लिए एक एंबुलेंस प्राप्त हुई है। इस दौरान कलेक्टर श्री कन्याल ने पशु एंबुलेंस को चलाकर भी देखा।
उन्होंने बताया कि एंबुलेंस विकासखंड मुख्यालय पर स्थित पशु चिकित्सालय प्रांगण में खड़ी रहेगी तथा सभी एंबुलेंस की मॉनिटरिंग जीपीएस द्वारा की जाएगी।
टोल फ्री नंबर 1962
पशु एंबुलेंस में उपलब्ध सेवाएं के लिए आमजन एवंपशुपालक टोल फ्री नंबर 1962 पर काल कर प्राप्त कर सकते है। इसके लिए पशुपालकों को 150 रूपये शुल्क देना होगा। टोल फ्री नंबर पर कॉल के बाद यह सेवा सुबह 10:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक उपलब्ध रहेगी। टोल फ्री नंबर 1962 के लिए केंद्रीयकृत कॉल सेंटर की स्थापना की गई है। पशु एंबुलेंस दल में एक पशु चिकित्सक, एक पैरावेट तथा एक गौ सेवक तैनात किए गए हैं। पशु एंबुलेंस में उपलब्ध सेवाएं जैसे- पशु उपचार, लघु शल्य चिकित्सा, कृत्रिम गर्भाधान, रोग नियंत्रक आदि रहेंगी।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा विगत दिनों पशुपालन विभाग को 406 पशु चिकित्सा एंबुलेंस का भोपाल लाल परेड ग्राउंड से प्रदेश के समस्त जिलों के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कोई भी पशुपालक एवं नागरिक टोल फ्री नंबर 1962 पर कॉल करके पशु उपचार के लिए एंबुलेंस घर पर बुलाकर बीमार पशुओं का उपचार करवा सकते हैं।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री संतोष टैगोर, सिविल सर्जन पॉलीक्लिनिक डॉक्टर एके श्रीवास्तव, डॉक्टर एनके सिंघल, डॉक्टर प्रतिभा मालवीय, श्री बीएल सूर्यवंशी, श्री अब्दुल वकील खान, श्री बाबूलाल, श्री छगनलाल, श्री प्रदीप पटेल, श्री श्याम मेवाड़ा एवं श्री हरिसिंह दांगी उपस्थित थे।