शाजापुर 13 मई 2023/ थूककर गंदगी फैलाने वाले नपा कर्मचारी को रोककर कलेक्टर किशोर कन्याल ने गंदगी साफ करवाई। कलेक्टर श्री कन्याल आज प्रात: नई सड़क से कही से आ रहे थे। इसी दौरान नगरपालिका शाजापुर का कर्मचारी जो कि मोटरसायकिल से क्रास हुआ, ने चलते-चलते सड़क पर ही थूक दिया। कलेक्टर ने तत्काल उस कर्मचारी को रोका और उसे गंदगी फैलाने पर डाट लगाई और उस कर्मचारी से ही उसके द्वारा फैलाई गंदगी को पानी लेकर साफ करवाया और हिदायत दी कि अगली बार गंदगी फैलाते हुए पाये जाने पर जुर्माना किया जाएगा। कलेक्टर श्री कन्याल ने आमजन को संदेश दिया है कि गंदगी फैलाने वालो के विरूद्ध जुर्माने की कार्यवाही भी होगी। सभी नागरिक अपने आसपास स्वच्छता रखें और किसी भी तरह की गंदगी फैलाने वालों को रोके-टोके।