बैंक की वसूली में लक्ष्यों की 100 प्रतिशत वसूली करने वाले कर्मचारियों को करेंगे पुरस्कृत- कलेक्टर श्री कन्याल
शाजापुर, 29 अप्रैल 2023/ जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित शाजापुर बैंक प्रशासक एवं कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में गत दिवस बैंक शाखा प्रबंधकों एवं पर्यवेक्षकों की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
बैठक में बैंक प्रशासक एवं कलेक्टर श्री कन्याल ने अमानत संग्रह, लक्ष्य-पूर्ति एवं बैंक वसूली की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि बैंक की वसूली में लक्ष्यों की 100 प्रतिशत वसूली करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जायेगा। बैंक ऋण वसूली की 90 प्रतिशत किये जाने का लक्ष्य निर्धारित है, जिसे कर्मचारियों द्वारा वसूली लक्ष्य की पूर्ति करें। बैंक के कार्यों का आंकलन कर पुरस्कार एवं दण्ड योजना क्रियान्वित की जायेगी। उन्होंने संस्थाओं की वसूली एवं क्रिस योजनान्तर्गत राजस्व अधिकारियों को दिये गये प्रकरणों की भी समीक्षा की। कलेक्टर ने बैंक द्वारा दिये गये अकृषि ऋणों की वसूली के लक्ष्य पूर्ति के लिए शाखा प्रबन्धकों को शतप्रतिशत वसूली करने के निर्देश दिये। इस दौरान उन्होंने अग्रिम खाद भण्डारण, रबी उपार्जन वर्ष 2023-24 अंतर्गत गेहूं, चना, मसूर, सरसों की भी समीक्षा की। साथ ही ऋण प्रविष्टि के विरूद्ध लिंकिंग के माध्यम से उपार्जन पोर्टल से शत-प्रतिशत ऋण कटौत्रा करने के निर्देश भी दिये।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक शाजापुर द्वारा म्यादि अमानतों की ब्याज दरों में संशोधन कर अन्य बैंकों से अधिक ब्याज दिया जायेगा। नागरिकों को 7.25 नियमित एवं वरिष्ठ नागरिकों को 0.75 प्रतिशत अतिरिक्त ब्याज के साथ कुल 8 प्रतिशत ब्याज दर पर अमानत संग्रह 01 से 02 वर्ष की अवधि के लिए दिया जायेगा। 25 लाख से अधिक के अमानत पर 0.25 प्रतिशत ब्याज अधिक दिया जायेगा। अमानत संग्रह में विभिन्न अवधि के लिये ब्याज दर 3.50 से 7.25 प्रतिशत दिया जायेगा। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ नागरिकों एवं बैंक सेवायुक्तों को उपरोक्तानुसार सुविधा दी जायेगी।
