राजस्व अधिकारी अपने कार्यों का निर्वहन इस तरह करें कि आम आदमी को राहत मिले,राजस्व अधिकारियों की बैठक में बोले कलेक्टर
शाजापुर, 28 अप्रैल 2023/ राजस्व संबंधी मामलो का फील्ड में जाकर दोनो पक्षो को सुनकर निराकरण करें। साथ ही प्रत्येक राजस्व अधिकारी अविवादित नामांतरण एवं बटवारा, भू राजस्व वसूली सहित अन्य सौंपे गये कार्यों में गुणवत्तायुक्त बेहतर प्रदर्शन दिखाएं। उक्त निर्देश कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने गत दिवस संपन्न हुई राजस्व अधिकारियों की बैठक में दिये।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री संतोष टैगोर, अनुविभागीय अधिकारी शाजापुर श्री नरेन्द्र नाथ पाण्डये, अनुविभागीय अधिकारी शुजालपुर श्री सत्येन्द्र प्रसाद सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्री अजीत श्रीवास्तव, डिप्टी कलेक्टर श्री महेन्द्र प्रताप सिंह किरार, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ, खनिज, आबकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी एवं सीसीबी मुख्य कार्यपालन अधिकारी भी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि राजस्व अधिकारी अपने कार्यों का निर्वहन इस तरह करें कि आम आदमी को राहत मिले। उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी मामलो का फील्ड पर जाकर दोनों पक्षो को सुनकर निराकरण करें। आरसीएमएस में दर्ज सभी लंबित प्रकरणों का समयसीमा में निराकरण करें। सीमांकन के कार्य में प्रगति लाएं तथा राजस्व एवं डायवर्शन शुल्क वसूली में तेजी लाएं। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकरी श्री आरके दुबे ने बताया कि अकृषि ऋण जैसे- वाहन, वेयर हाउस, आवास, सीसी लिमिट जो कि 10 वर्ष से अधिक के पेंडिंग है, जिसकी वसूली योग्य कुल राशि 2815.93 लाख रूपये की आरसीसी जारी कर राशि वसूली की जाना है। इस पर कलेक्टर श्री कन्याल ने संबंधित राजस्व अधिकारियों को आरसीसी जारी कर राशि वसूल करने के निर्देश दिये। साथ ही अन्य मदों में भी राजस्व वसूली बढ़ाने के निर्देश कलेक्टर ने दिये। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान कल्याण योजना तथा मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के हितग्राही किसानों का पटवारियों से सत्यापन कराकर नाम जुडवाने के लिए कहा। साथ ही उन्होंने कहा कि राजस्व के कार्यों के साथ-साथ सभी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उनके क्षेत्र के अन्य विभागों के कार्यों की भी समीक्षा करें। उन्होने आगामी समय में होने वाले निर्वाचन को देखते हुए मतदान केन्द्रो का निरीक्षण एवं तैयारी करने के निर्देश दिये। वर्षा एवं आकाशीय बिजली के कारण किसी को भी हानि या क्षति नहीं होना चाहिये। उन्होंने सभी अधिकारियों से बिजली गिरने की सूचना देने वाले “दामिनी एप्प” को अपने-अपने मोबाईल में डाउनलोड करने तथा अन्य लोगों को भी “दामिनी एप्प” डाउनलोड करने के लिये भी कहा। राजस्व अधिकारी अपने न्यायालयों में प्रकरणों की सुनवाई संजीदगी के साथ करें।
इस मौके पर कलेक्टर श्री कन्याल ने अनुविभागीय अधिकारियों को मिलावटी, नकली, एक्सपायरी आदि सामग्रियों का विक्रय करने वालों तथा भू-माफियाओं के विरूद्ध दल बनाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिये। साथ ही उन्होने फर्जीवाड़ा एवं गलत कार्य करने वाले पटवारियों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिये। साथ ही उन्होंने प्रात्र हितग्राहियो को मुख्यमंत्री नगरीय भू- अधिकार योजना एवं मुख्यमंत्री भू-आवासीय योजना का लाभ प्रदान करने के लिये भी कहा। सी.एम. हेल्पलाइन के लंबित आवेदनों शत-प्रतिशत निराकरण करने के निर्देश दिये। उन्होंने 10 मई से प्रारंभ होने वाले मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान का दूसरा चरण की तैयारी करने के निर्देश भी दिये।
उन्होंने जिला खनिज अधिकारी को कलेक्टर ने अवैध उत्खनन पर रोक लगाने एवं डस्ट उड़ने से रोकने के लिए खनिज खदानों पर जाली लगवाने एवं वाटर स्प्रे भी कराने के निर्देश दिये। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी को लाडली बहना योजना के तहत प्राप्त आवेदनों के बैंक खातों को डीबीटी इनेबल्ड कराने के निर्देश दिये। इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ श्री टैगोर ने पेयजल संकट से निपटने के लिये वैकल्पिक स्त्रोत तलाशने, स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान, शासकीय विभागो की विल्डिंग की जानकारी तैयार करने सहित अन्य बिन्दुओं के संबंध में निर्देश भी दिये।