Shajapur मिलावटी, नकली, एक्सपायरी आदि चीजों का विक्रय करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई करें कलेक्टर ने दिए निर्देश
शाजापुर कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने सोमवार को विभागीय समन्वय एवं समयसीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि दल के माध्यम से मिलावटी, नकली, एक्सपायरी आदि चीजों का विक्रय करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई करे। उन्होंने सभी कार्यालय प्रमुख जनसुनवाई में आने वाले आवेदकों की समस्याओं का निराकरण समयावधि में करें। जनसुनवाई में आवेदक को बार-बार आवेदन लेकर भटकना नहीं पड़े।
बैठक में कलेक्टर श्री कन्याल ने सभी कार्यालय प्रमुख को निर्देश दिये कि जनसुनवाई में आने वाले आवेदकों की समस्याओं का निराकरण समयावधि में करें। आवेदकों को जनसुनवाई में बार-बार आवेदन लेकर भटकना नहीं पड़े। इसकी समीक्षा प्रति सप्ताह समयसीमा पत्रों की समीक्षा बैठक के दौरान की जायेगी। इस मौके पर उन्होंने नगरपालिका अधिकारी को निर्देश दिये कि वे नगर से निकलने वाले वेस्ट को वेल्थ में बदलने के लिए योजना बनाएं। साथ ही नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता के लिए कोई एक दिन निर्धारित कर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ आमजन को जोड़ते हुए एक घंटे के लिए प्रति सप्ताह श्रमदान कराएं। शाजापुर नगर के लिए बुधवार का दिन निश्चित किया गया है, इसमें अधिकारियों के साथ जनता एवं जनप्रतिनिधि भी जुडेंगे। इस मौके पर कलेक्टर ने शाजापुर नगर में प्रतिदिन पेयजल वितरण के लिए नगरपालिका अधिकारी को कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने नगरपालिका अधिकारी को निर्देश दिये कि स्वच्छता पखवाड़े के तहत नागरिकों को सूखा-गीला कचरा अलग-अलग रखने, “रोको-टोको अभियान” के तहत खुले में शौच करने वाले लोगों एवं पान-गुटका खाकर थूकने वालों पर चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने शहर में दुकानों के बाहर सामान रखने वाले दुकानदारों को एनाउन्समेंट करके समझाईश देने के निर्देश दिये, इसके बावजूद भी यदि दुकानदार नहीं मानते हैं तो उन पर भी चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिये। पुलिस विभाग के अधिकारी को हॉट बाजार में पुलिस व्यवस्था बढ़ाने के निर्देश दिये। जिला खनिज अधिकारी को कलेक्टर ने अवैध उत्खनन पर रोक लगाने एवं डस्ट को रोकने के लिए खनिज खदानों पर जाली लगाएं एवं वाटर स्प्रे भी कराने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे जिले की मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाएं। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे आधे दिन ऑफिस में एवं आधे दिवस फील्ड का भ्रमण कर कार्य करें।

जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देश दिये कि नवीन खाद्यान्न पर्ची में गड़बड़ी न हो, इसके लिए फील्ड पर जाकर रेण्डमली जाँच करें। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिये कि पेंशन प्रकरण के संबंध में सेवानिवृत्त होने वाले शासकीय सेवकों की जानकारी सेवानिवृत्ति से पूर्व जिला कोषालय में जानकारी प्रेषित करें। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी को मिलावटी चीजों की जाँच करने के लिए दल गठित करने के निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने दल के माध्यम से मिलावटी, नकली, एक्सपायरी आदि चीजों का विक्रय करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को सजग रहकर मिलावटी, नकली, एक्सपायरी आदि चीजों का विक्रय करने वाले लोगों की जानकारी देने के भी निर्देश दिये। बीएसएनएल विभाग के अधिकारी को प्रति ग्राम पंचायत में भारत नेट की सुविधा 31 मार्च 2024 तक पूर्ण करने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री कन्याल ने महिला एवं बाल विकास अधिकारी को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में प्राप्त लक्ष्य के अनुरूप अच्छा कार्य करने पर बधाई दी। जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कलेक्टर ने चीलर डेम पर बोटिंग के लिए कार्ययोजना बनाने के लिए भी कहा।
इस मौके पर कलेक्टर ने स्वामित्व योजना, उपार्जन, बारदाना आपूर्ति, उर्वरकों के अग्रीम भण्डारण, मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना, सीएम राईज विद्यालय, सीएम हेल्पलाइन, अनुसूचित जनजाति कार्य विभाग, आबकारी, उद्यमक्रांति सहित निर्माण विभागों द्वारा कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा भी की।
निर्धन बच्चें की पढ़ाई का खर्च कलेक्टर श्री कन्याल उठाएंगे
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने जिले में नवाचार करते हुए बीड़ा उठाया है कि वह स्वयं एक निर्धन बच्चें की संपूर्ण पढ़ाई का खर्च उठाएंगे। इस मौके पर उन्होंने सभी जिला अधिकारियों से कई निर्धन बच्चों की पढ़ाई का खर्चा उठाने में सहभागी बनने का अनुरोध किया। इस पर विभिन्न विभागों के लगभग 25 जिला अधिकारियों ने अपनी-अपनी सहमति प्रदान की।
इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ श्री संतोष टैगोर, अनुविभागीय अधिकारी शाजापुर श्री नरेन्द्रनाथ पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर श्री अजीत कुमार श्रीवास्तव, डिप्टी कलेक्टर श्री महेन्द्र प्रताप सिंह किरार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।