लखनादौन: गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पूर्व विधायक और गोंगपा प्रदेश उपाध्यक्ष रामगुलाम उईके का एक विवादित बयान का वीडियो सामने आया है। जिसमें पूर्व विधायक रामगुलाम उईके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को आदिवासी समाज से मतलब ना रखते हुए सिर्फ ‘पैसों से मतलब’ रखने की बात कहा है।
उन्होंने आगे अपने वक्तव्य में शिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन द्वारा चुनाव के दौरान घर-घर शराब बांटने और बकरा देने की बात का भी खुलासा किया है। तो वही उन्होंने अपने बयान में आदिवासियों को आगामी चुनाव में दिनेश राय मुनमुन को वोट ना देते हुए गोंडवाना पार्टी को मजबूत करने की बात कही है। साथ ही प्रत्येक गांव में शराब बंद को लेकर नशा मुक्त गांव बनाने की अपील की है।
जानकारी के मुताबिक गोंडवाना गणतंत्र पार्टी प्रदेश उपाध्यक्ष के विवादित बयान का यह वीडियो छपारा विकासखंड अंतर्गत आने वाले ग्राम तिलबोड़ी का है। जहां कोयपुनेम कार्यक्रम में पूर्व विधायक तिरु. रामगुलाम उइके एवं सकत धुर्वे तथा जनपद अध्यक्ष सदम सिंह वरकडे के साथ जनपद सदस्य तौफीक खान सहित लालचंद धुर्वे एवं शिव शंकर वरकडे सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल थे। जहां पर राम गुलाम उईके के द्वारा यह बयान दिया गया है।