भोपाल। राजधानी भोपाल में घरेलू रंजिश के चलते बीच सड़क पर खूनी वारदात हो गई। जहांगीराबाद की रहने वाली राधाबाई आए दिन की मारपीट से परेशान होकर अपने पति के खिलाफ शिकायत कराने महिला थाने पहुंची थी। लेकिन तब ही पीछे से आए राधा के पति राकेश ने उनके सिर पर धारदार हसिये से वार कर दिया। यह वारदात ठीक थाने के सामने हुई।
घटना के बाद पीड़िता लगभग 10 मिनट तक बीच सड़क पर लहूलुहान तड़पती रही। हालांकि इस दौरान फरार होने की फिराक में आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा। बाद में पुलिस ने घायल पत्नी को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल महिला के सिर में चोट लगने की वजह से उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पीड़िता का हमीदिया अस्पताल में इलाज चल रहा है।