मनकामनेश्वर मंदिर परसिर में 121 कन्याओं का विवाह हुआ वर-वधुओं को अतिथियों ने सुखद दाम्पत्य जीवन की शुभकामनाएं दी
शाजापुर, 26 मार्च 2023/ मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के तहत आज जनपद पंचायत मो.बड़ोदिया के ग्राम खोरियाऐमा के मनकामनेश्वर मंदिर परिसर में सम्पन्न हुए सामुहिक विवाह में 121 कन्याओं का विवाह संपन्न हुआ। वर-वधुओं को आशीर्वाद देने जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हेमराज सिंह सिसोदिया, कलेक्टर श्री दिनेश जैन, जिला पंचायत सदस्य श्री जगदीश फौजी, श्री दिनेश शर्मा, श्री जगदीश पाल, अनुविभागीय अधिकारी श्री नरेन्द्र नाथ पाण्डेय, तहसीलदार श्री सुनील पाटिल, नायब तहसीलदार श्री अजय अहिरवार, श्रीमती दिव्या जैन, सीडीपीओ श्री दवे, श्री गोपाल राजपूत सहित जनपद सदस्यगण एवं सरपंचगण उपस्थित थे।
वर-वधुओं को आशीर्वाद देते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सिसोदिया ने कहा कि प्रसन्नता की बात है कि आज एक साथ 121 जोड़े दाम्पत्य जीवन में प्रवेश कर रहे है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सिसोदिया ने इन सभी जोड़ो को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुये सफल, सुखद एवं समृद्धशाली जीवन की कामना की। इस मौके पर उन्होंने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी। कलेक्टर ने भी सभी जोड़ो को खुशहाल जीवन की शुभकामना दी। कलेक्टर ने बताया कि राज्य शासन द्वारा अब मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामग्री न देते हुये सीधी राशि देने का निर्णय लिया गया है। आगामी समय में होने वाले सामुहिक विवाहों में वर वधुओं को राशि के चैक प्रदान किये जायेंगे। इस अवसर पर श्री दिनेश शर्मा, श्री गोपाल राजपूत, श्री जगदीश पाल, श्री भगवान सिंह आंजना आदि ने भी संबोधित किया।
सामुहिक विवाह कार्यक्रम के दौरान दुल्हो की बारात भी निकाली गई, जिसमें बाराती बनकर अतिथिगण भी शामिल हुये। कार्यक्रम का संचालन श्री अजय सक्सेना ने किया। विवाह अनुष्ठान की प्रक्रिया गायत्री परिवार के श्री चतुर्भुज परमार, श्री रमेश्चंद्र शर्मा, श्री शिवनारायण प्रजापति, श्री लक्ष्मीनारायण परमार एवं श्री राजकुमार परमार द्वारा सम्पन्न कराई गई।
उपहारों का वितरण
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आज खोरियाऐमा के मनकामनेश्वर मंदिर परिसर में सम्पन्न हुये सामुहिक विवाह में नवविवाहित 121 जोड़ो को योजना के तहत क्रय की गई सामग्री अतिथियों द्वारा प्रदान की गई। साथ ही राज्यमंत्री श्री इंदरसिंह परमार एवं जनपद पंचायत मो.बड़ोदिया की ओर से सभी जोड़ो को एक-एक दीवार घड़ी एवं खोरियाऐमा सरपंच की ओर से सभी जोड़ो को एक-एक स्टील का जग प्रदान किया गया।
योजना के तहत प्रदान की गई सामग्री में 32 इंच कलर टीवी, रेडियो, स्टील की अलमारी, 6 फाईवर की कुर्सियां, लोहे का निवार वाला पलंग, लकड़ी का पलंग, रजाई-गद्दे-तकिया एवं 2 चादर, (आभूषण में चांदी की पायल, बिछिया, माथा टीका, बेदा एवं चांदी का मंगल सूत्र) पैर वाली सिलाई मशीन, टेबल फेन, दीवार घड़ी, डायनिंग टेबल, स्टील के 51 बर्तन, प्रेसर कूकर, वधु के वस्त्र एवं श्रृंगार सामग्री भी प्रदान की गई।