जल के संरक्षण एवं उसके महत्व पर जागरूकता शिविर सम्पन्न, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री फारूक अहमद सिद्धिकी ने संबोधित किया
शाजापुर, 22 मार्च 2023/ विश्व जल दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के द्वारा शिविर कार्य-योजना 2022-23 के पालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शाजापुर एवं कंचन वेलफेयर एजुकेशनल सोसायटी के संयुक्त के तत्वाधान में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष श्री ललित किशोर तथा सचिव एवं जिला न्यायाधीश श्री राजेंद्र देवड़ा के निर्देशन में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री फारुख अहमद सिद्दीकी के मुख्य आतिथ में कंचन वेलफेयर एजुकेशन सोसाइटी शाजापुर में जल के संरक्षण एवं उसके महत्व पर जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
मुख्य अतिथि जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री फारूक अहमद सिद्धिकी ने जन सामान्य को जल के संरक्षण एवं उसके महत्ता के बारे में जागरूक करते हुए बताया कि जल है तो कल है इसलिए हम सभी को पानी की एक-एक बूंद बचनी चाहिए। जिसकी शुरुआत हमें अपने दैनिक जीवन में रोजमर्रा की जिंदगी में उपयोग आने वाली गतिविधियों जैसे- ब्रश करने से लेकर नहाने, कपड़े धोने इत्यादि कामों में हमें जल की आवश्यकता होती है। उन्होने कहा कि यदि हम सबके द्वारा प्रतिदिन 1 लीटर पानी भी बचा पाए तो हमें जल दिवस के अवसर पर संभवत जागरूकता कार्यक्रम करने की आवश्यकता नहीं रहेगी। साथ ही वर्षा जल के संग्रहण के उपाय करें, ताकि भूमिगत जल स्तर बढ़ता रहे। अगर जल संरक्षण के उपाय नही किये गये तो आगे आने वाली पीढ़ी को बहुत मुश्किल दौर से गुजरना पड़ेगा। दिन- प्रतिदिन वनों की कटाई से न केवल मृदा अपरदन बड़ा हैं, बल्कि वर्षा जल का संरक्षण भी नही हो पाया, क्योंकि वृक्ष वर्षा जल को जमीन में सोखकर भू जल स्तर में वृद्धि में सहायक होते है। इस प्रकार जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए हमें अभी से प्रयास करना होगा, नही तो बिना जल हमारा कल सम्भव नही हैं। आगे उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर जल की बचत एवं पानी के अपव्यय ना करने की शपथ ली। कार्यक्रम का शुभारम्भ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।कार्यक्रम संचालन श्री महेंद्र वर्मा ने किया एवं आभार संस्था प्रमुख श्री वर्मा ने माना।