शाजापुर, 19 फरवरी 2023/ शाजापुर जिले के कुन्दन पिता बनेसिंह कछावा ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 में मलखम्ब प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर शाजापुर जिले का नाम रोशन किया है। शाजापुर जिले के मलखम्ब खिलाड़ी अपनी काबिलियत का देश भर में लोहा मनवा चुके है। शाजापुर जिले के मलखम्ब खिलाड़ियों ने कई मौको पर व्यक्त्गित एवं टीम को गोल्ड मेडल दिलवाये है।
इनमें से ही एक खिलाड़ी कुन्दन कछावा भी है, जिसने राष्ट्रीय प्रतियोगिता खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 में मलखम्ब खेल में व्यक्तिगत एवं टीम को गोल्ड मेडल दिलवाया है। 18 वर्षीय इस खिलाड़ी के पास विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के बाद इतने मेडल है कि उसे एक बार में याद रखना भी मुस्किल है। कुन्दन बताते है कि उनके परिवार की स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। उनके पिताजी कम्बल बेचते है। मलखम्ब खेल के लिये मिली छात्रवृत्ति से उन्होंने अपने आवास के लिये एक छोटा सा प्लाट खरीदा है। कुन्दन ने बताया कि उसे मलखम्ब खेल से उसके बड़े भाई श्री लोकेश नायक ने जोड़ा है। श्री लोकेश नायक वर्तमान में मलखम्ब खेल के कोच है। उसने 11 वर्ष की उम्र से मलखम्ब सीखना शुरू किया और मलखम्ब खेल के प्रति उसका आकर्षण बढ़ता गया। मलखम्ब के कोच एवं द्रोणाचार्य पुरस्कार श्री योगेश मालवीय ने कुन्दन का उत्साहवर्धन करते हुए उसे श्रेष्ठ खिलाड़ी बनाया है।
गरीबी में जीवन व्यतीत करने के उपरांत भी खेल के प्रति कुन्दन में इतनी जीवटता है कि वह कोई भी प्रतियोगिता छोड़ना नहीं चाहता, उसका सपना है कि वह भूटान में सम्पन्न होने वाली विश्वकप प्रतियोगिता में भाग ले और मेडल हासिल करें। कुन्दन ने बताया कि उसे खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 में उज्जैन में 6 फरवरी से 10 फरवरी तक सम्पन्न हुई मलखम्ब प्रतियोगिता में एक व्यक्तिगत एवं टीम के लिये गोल्ड मेडल मिला है। इसके पहले उसने विक्रम विश्व विद्यालय के लिये अलीगढ़ में 22 जनवरी से 25 जनवरी 2022 तक सम्पन्न हुई प्रतियोगिता में पोल मलखम्ब के लिये व्यक्त्गित श्रेणी में गोल्ड हासिल किया। इसी तरह वर्ष 2014-15 के राष्ट्रीय मलखम्ब खेल में टीम को सिल्वर मेडल, 2017 में सम्पन्न हुई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में व्यक्तिगत श्रेणी में कांस्य पदक तथा टीम को रजत पदक दिलवाया है। वर्ष 2018 में चैन्नई में सम्पन्न हुई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में टीम को रजत पदक, वर्ष 2019 में गोवा में सम्पन्न हुई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में टीम को रजत पदक, वर्ष 2021 में उज्जैन में सम्पन्न हुई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में टीम को स्वर्ण पदक, वर्ष 2021 में ही हरियाणा पंचकुला में सम्पन्न हुई खेलो इंडिया राष्ट्रीय प्रतियोगिता में टीम को रजत पदक दिलवाया है।
कुन्दन की उपलब्धियों पर कलेक्टर श्री दिनेश जैन सहित जिले के जनप्रतिनिधियों ने उसे बधाई दी है। (कुन्दन कछावा – मो.नं. 8120409794)