जनसुनवाई में अनुपस्थित अधिकारियों को नोटिस जारी करें – कलेक्टर श्री जैन ने की जनसुनवाई में 60 आवेदन प्राप्त
शाजापुर
—-
मुख्यमंत्री #जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत आज सम्पन्न हुई जनसुनवाई में कलेक्टर श्री दिनेश जैन ने विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अनुपस्थित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि जनसुनवाई के दौरान विभागों के जिला प्रमुख अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहे। बिना सूचना के अनुपस्थित रहने पर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। आज सम्पन्न हुई जनसुनवाई में कुल 60 आवेदन प्राप्त हुए। इस मौके पर तहसीलदार श्री सुनील जायसवाल, नायब तहसीलदार श्री पंकज पवैया एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।
जनसुनवाई में मुख्य रूप से कालापीपल वार्ड क्रमाकं 5 के राधेश्याम जोशी व पनवाड़ी के शांतिलाल विश्वकर्मा ने बीपीएल कार्ड बनवाने, मटेवा के बद्रीलाल ने फसल बीमा की राशि दिलाने, अरन्याकलां के द्वारका प्रसाद ने भूमि का पट्टा प्रदान करने, बावड़ीखेड़ा के अर्जुनसिंह ने सौर ऊर्जा में लिये गये कनेक्शन का कनेक्टर बदलवाने, गडरोली मक्सी के पुजारी रवि पंचौली ने पारिश्रमिक प्रदान करने, दुहानी के परमानंद ने मकान के ऊपर से विद्युत लाईन के तार हटवाने, बिजनाखेड़ी के प्रेमसिंह ने पुत्र की कुए में आकस्मिक मृत्यु होने पर आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने, बेरछा के अलाउद्दीन ने अतिक्रमण हटवाने, मक्सी की सुलोचना ने पति के मृत्यु होने पर अनुग्रह सहायता राशि प्रदान करने, गुलाना के कमल प्रजापति ने भूखण्ड का पट्टा प्रदान करने, कालापीपल मण्डी के रवि परमार ने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत आवास स्वीकृत करने सहित अन्य आवेदकों द्वारा विभिन्न प्रकार की शिकायतों एवं समस्याओं के आवेदन दिये गये।
#JansamparkMP
#jansamparkshajapur