सभी विभाग योजनाओं की अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराएं, कलेक्ट्रेट में हुई समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने दिये निर्देश
शाजापुर, 19 दिसम्बर, 2022/ मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के 24 दिसम्बर को शाजापुर जिले के संभावित भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए सभी विभाग के अधिकारी विभागीय योजनाओं की अद्यतन जानकारी तैयार कर उपलब्ध कराएं। उक्त निर्देश कलेक्टर श्री दिनेश जैन ने आज समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में दिये। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्रीमती मंजूषा विक्रांत राय, अनुविभागीय अधिकारी शाजापुर श्री नरेन्द्र नाथ पाण्डेय एवं शुजालपुर श्री सत्येन्द्र प्रसाद सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्री अजीत श्रीवास्तव सहित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, तहसीलदार, नगरपालिका सीएमओ एवं विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद थे।

बैठक में कलेक्टर श्री जैन ने सभी विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए सौंपे गये कार्यों को समय-सीमा में पूरा करें। शिलान्यास एवं लोकार्पण के लिए जानकारी उपलब्ध कराएं। 19 से 25 दिसम्बर तक मनाए जाने वाले गुड गवर्नेंस सप्ताह के लिए दी गई थीम पर कार्य करने के निर्देश दिये। इस दौरान सीपीग्राम एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों का भी निराकरण करने के लिए कहा। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री किसान कल्याण योजना के हितग्राही का ई-केवायसी एवं आधार लिंक पटवारियों के माध्यम से पूर्ण कराने के निर्देश अनुविभागीय अधिकारियों को दिये। अधीक्षण यंत्री श्री सुनील पटेल विद्युत वितरण कंपनी से कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से कनेक्शन नहीं होने एवं नलजल योजना बंद होने के बाद भी विद्युत देयक प्राप्त होने जैसी समस्याओं का समाधान कराएं। सीएमएचओ डॉ. आर. निदारिया से कलेक्टर ने जनआरोग्य समितियों का गठन करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने शहरी क्षेत्रों की सड़कों के नियमित संधारण के लिए सभी सीएमओ को निर्देशित किया। साथ ही कलेक्टर ने युवा नीति के लिए सुझाव तैयार करने के संबंध में सीएमएचओ, जिला शिक्षा अधिकारी श्री विवेक दुबे एवं महाविद्यालय के नोडल प्राचार्य को निर्देश दिये।