शाजापुर, 09 दिसम्बर 2022/ जीवन में खुश रहने के लिए बेहतर इंसान बनना होगा। यह बात प्रख्यात मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. नंदितेश निलय ने आज स्थानीय कौटिल्य एजुकेशनल एकेडमी में प्रेरक व्याख्यान देते हुए कही। जिले के शासकीय विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडियाकर्मियों, बार एसोसिएशन सदस्यों, स्थानीय चिकित्सकों, महाविद्यालयीन प्राध्यापको, विद्यालयीन शिक्षकगणों, इंजीनियर्स, होमगार्ड/पुलिस स्टॉफ सदस्यों, विद्यार्थियों, गणमान्य नागरिकों के लिए जिला प्रशासन द्वारा जीवन मूल्यों के साथ खुशियां विषय पर प्रख्यात मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. नंदितेश निलय के व्याख्यान का आयोजन किया गया था।

व्याख्यान देते हुए डॉ. निलय ने कहा कि बेहतर इंसान बनने के लिए सभी को साहसी बनना होगा। जिसके अंदर साहस होता है, वही अपने सपनों को साकार कर सकता है। जिंदगी का मुकाबला साहस के साथ करना होगा। उन्होंने कहा कि सभी पढ़े-लिखे और ज्ञान प्राप्त करें। जीवन में हर स्तर पर साहस की आवश्यकता होती है। जो गलत होता है, उसे नकारना सीखें। यदि व्यक्ति ने गलत को नकारना नहीं सीखा तो वह काम के साथ न्याय नहीं कर पाएगा। जो साहसी नहीं होते हैं, उनमें सदा डर का भाव बना होता है। उन्होंने कहा कि आपका शरीर माता-पिता का दिया हुआ शरीर है। आप केवल इस शरीर के वाहक हैं। जिसने जन्म दिया है उसके ऋणि होकर उनकी सेवा की जाना चाहिये। जो परिवार में रहते हैं, उन्हें हराने की कोशिश नहीं की जाना चाहिये। रिश्तों को हराने में जीत नहीं है, बल्कि घर का हारा जग जीतता है। इस मौके पर उन्होंने जीवन जीने के आसान तरीके बताए। साथ ही उपस्थित जनों को गुटखा, सिगरेट, शराब, हीनता, जलन और घमण्ड से हमेशा दूर रहने का संकल्प दिलाया। उपस्थित विद्यार्थियों से उन्होंने कहा कि सभी को मन लगाकर अध्ययन करना चाहिये। अध्ययन यूट्यूब या वाट्सअप्प से न करते हुए आधारभूत पुस्तकों से करें। साथ ही उन्होंने कहा कि अध्ययन का ध्येय केवल अंक अर्जित करना नहीं होना चाहिये, बल्कि अध्ययन से क्या सीखा इस पर ध्यान केन्द्रित करना चाहिये। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अंतिम व्यक्ति को लाभांवित करने के लिए किये जा रहे कार्य विश्वास के साथ पूरे किए जाए। जिन्हें लाभ पहुंचाना चाहते हैं, उन तक सही तरिके से लाभ पहुंचे, इससे समुदाय में सकारात्मकता का भाव पैदा होगा। अंतिम पायदान के व्यक्तियों से सीधा संवाद करें और यह संवाद तब ही होगा, जब उन्हें लाभ पहुंचाने की नियत बिलकुल साफ रहेगी। उन्होंने जिला कलेक्टर श्री दिनेश जैन की सराहना करते हुए कहा कि उनके द्वारा किये गये कार्य केवल रिकार्ड बनाने के उद्देश्य से नहीं किये गये हैं, बल्कि कार्यों के कारण रिकार्ड बना है।

इस अवसर पर श्री अम्बाराम कराड़ा ने संबोधित करते हुए जीवन प्रबंधन के सूत्र को आत्मसात करने की जरूरत बतायी। साथ ही उन्होंने बताया कि यदि संकल्प मजबूत होगा, तो व्यक्ति सफलता के हर सौपान को पार करते हुए शिखर तक पहुंचेगा। इसके पूर्व कलेक्टर श्री जैन ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि जिले के अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित अन्य संगठनों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों आदि को व्याख्यान से लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने डॉ. नंदितेश निलय द्वारा शाजापुर के लिए समय निकालने पर आभार माना। इसके पश्चात जिला प्रशासन की ओर से डॉ. निलय को स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया।

व्याख्यान के समापन पर जिला पंचायत सीईओ श्रीमती मंजूषा विक्रांत राय ने डॉ. नंदितेश निलय, व्याख्यान के लिए सभागृह उपलब्ध कराने के लिए कौटिल्य विद्यालय के संचालक श्री निलेश यादव एवं श्रीमती राशि यादव सहित उपस्थित अतिथियों और श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री संतोष जोशी, नगरपालिका पार्षद श्री विक्रम कुशवाह, श्री प्रेम यादव, अनुविभागीय अधिकारी शाजापुर श्री नरेन्द्र नाथ पाण्डेय, शुजालपुर श्री सत्येन्द्र प्रसाद सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्री अजीत श्रीवास्तव, होमगार्ड कमाण्डेन्ट श्री विक्रम सिंह मालवीय, जिला कोषालय अधिकारी श्री जीएल गुवाटिया, जिला परिवहन अधिकारी श्री एपी श्रीवास्तव, उपसंचालक कृषि केएस यादव, उपसंचालक पशु चिकित्सा डॉ. मनोज शर्मा, श्रीमती गायत्री विजयवर्गीय, श्रीमती सीमा शर्मा, कार्यपालन यंत्री पीआईयू श्री कोमल भूतड़ा व पीएचई श्री विजय सिंह चौहान सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और विद्यार्थीगण मौजूद थे।